रायबरेली-भूमाफियाओं से परेशान ग्रामीणों ने डीएम-एसपी से लगाई गुहार
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली- जिले के भदोखर थाना क्षेत्र के झकरासी गांव में भूमाफियाओं के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गांव के एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत पत्र सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही कुछ दबंग लोग उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों के मुताबिक आरोपित दबंगों द्वारा विवादित जमीन पर जबरन टीन शेड डालकर कब्जा किया जा रहा है। पीड़ितों ने बताया कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें धमकाया गया और विवाद करने की कोशिश की गई। ग्रामीणों का कहना है कि दबंगों की हरकतों से वे लोग मानसिक रूप से परेशान हैं और अपनी जमीन बचाने के लिए प्रशासन के चक्कर लगाने को मजबूर हो गए हैं।
शिकायतकर्ताओं ने डीएम और एसपी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध कब्जा रुकवाया जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो गांव में बड़ा विवाद हो सकता है।
वहीं मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने जांच के निर्देश दिए हैं। स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर पूरे प्रकरण की पड़ताल कराई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

rexpress 