रायबरेली-भारतीय स्टेट बैंक ने निक्षय मित्र बनकर बांटी पोषण पोटली, गांव-गांव तक पहुंचा टीबी मुक्त भारत का संदेश

रायबरेली-भारतीय स्टेट बैंक ने निक्षय मित्र बनकर बांटी पोषण पोटली, गांव-गांव तक पहुंचा टीबी मुक्त भारत का संदेश

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

रायबरेली। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा के निर्देशन तथा जिला क्षय रोग अधिकारी के नेतृत्व में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले में लगातार जनजागरूकता और सहायता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमावा में भारतीय स्टेट बैंक रायबरेली के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया गया।
देश को टीबी मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में भारतीय स्टेट बैंक रायबरेली ने सराहनीय पहल की है। बैंक अधिकारियों ने निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बृजभान सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक रहे। उनके साथ आनंद कुमार सिंह, मुख्य प्रबंधक परिचालन तथा राहुल देव शुक्ला, विपणन अधिकारी भी मौजूद रहे। अतिथियों ने टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित कर उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
मुख्य अतिथि बृजभान सिंह ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक समाजहित के कार्यों में सदैव आगे रहता है। टीबी मुक्त भारत अभियान में बैंक की भागीदारी आगे भी जारी रहेगी और गांव-गांव तक पहुंचकर जरूरतमंदों की सहायता की जाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रोहित कटियार, अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमावा ने कहा कि टीबी पूरी तरह ठीक होने वाली बीमारी है। समय से जांच, नियमित दवा सेवन और पौष्टिक आहार से मरीज स्वस्थ हो सकते हैं।
स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी जुगलेश ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि टीबी को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। सही जानकारी और समय पर उपचार से इस बीमारी को आसानी से हराया जा सकता है।
वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक करुणा शंकर मिश्र ने मरीजों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, निक्षय पोषण सहायता और पोषण पोटली के महत्व के बारे में जानकारी दी।
आनंद कुमार सिंह ने कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति और संस्था को निक्षय मित्र बनकर मरीजों की सहायता करनी चाहिए।
राहुल देव शुक्ला ने कहा कि जागरूकता और सही उपचार से टीबी को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर कप्तान सिंह, अपूर्व मिश्र, चंद्र किशोर, विमलेश कुमार, मनीष साहू, मनोज सिंह, प्रमिला वर्मा, अजय, दिव्यांशु वर्मा, उत्तम तिवारी, खुर्शीद, वैभव, रामबली गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
जनभागीदारी से ही टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य शीघ्र पूरा होगा।