शिक्षा मित्र केवल शिक्षक नहीं होते, बल्कि वे समाज के निर्माणकर्ता होते हैं - उद्यान मंत्री

शिक्षा मित्र केवल शिक्षक नहीं होते, बल्कि वे समाज के निर्माणकर्ता होते हैं - उद्यान मंत्री

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

जनपद में शिक्षा मित्रों को बढे हुए मानदेय का डमी चेक देकर किया गया सम्मानित

उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत - दिनेश प्रताप सिंह

शिक्षामित्रों ने अपने समर्पण, मेहनत और सेवा भाव से शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण दिया योगदान - अदिति सिंह

शिक्षा मित्र समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे - अशोक कुमार

रायबरेली- प्रदेश क 1.43 लाख शिक्षामित्रों की मानदेय बढ़ोतरी के उपलक्ष्य में शिक्षामित्र सम्मान समारोह का आयोजन गोरखपुर में किया गया। कार्यक्रम में मा0 मुख्यमंत्री उ0प्र0 योगी आदित्यनाथ ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
          इसी क्रम में जनपद में जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन गोपाल सरस्वती इण्टर कॉलेज में किया गया, जिसमें मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात विभाग, उ०प्र० दिनेश प्रताप सिंह, मा0 विधायक सदर अदिति सिंह, मा0 विधायक सलोन अशोक कुमार, जिलाध्यक्ष भाजपा बुद्धिलाल पासी, जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता द्वारा प्रतिभाग किया गया। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया।
          कार्यक्रम में मा0 मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया व उनके उद्बोधन को सुना गया।
          जनपद स्तरीय कार्यक्रम में जनपद के 16 शिक्षा मित्रों को बढ़े हुए मानदेय का डमी चेक वितरित किया गया, इसके साथ ही प्रत्येक विकास खण्ड के 02 एवं नगरीय क्षेत्र कुल 39 शिक्षामित्रों को उत्कृष्ठ कार्य करने हेतु प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मानदेय वृद्धि से जनपद के 2093 शिक्षामित्र लाभान्वित हुए।
          मा० उद्यान मंत्री ने इस अवसर पर अपने उद्बोधन में कहा कि आज का यह अवसर अत्यंत गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक है। हम यहाँ उन शिक्षा मित्रों का सम्मान करने के लिए एकत्रित हुए हैं, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी निष्ठा, परिश्रम और समर्पण से समाज को एक नई दिशा दी है। शिक्षा मित्र केवल शिक्षक नहीं होते, बल्कि वे समाज के निर्माणकर्ता होते हैं। आपने कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए बच्चों के भविष्य को संवारने का जो कार्य किया है, वह वास्तव में सराहनीय है। उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षा मित्रों के मानदेय में वृद्धि भी की और उनके सम्मान को उनकी चौखट तक पहुंचाने का भी कार्य किया है, इसी क्रम में आज यह कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
          मा0 उद्यान मंत्री ने कहा कि शिक्षा मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। आप सभी ने ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में शिक्षा की ज्योति जलाए रखी, जिसके लिए आप बधाई और धन्यवाद के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि आज जब आपको सम्मानित किया जा रहा हैं, तो यह केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि आपके समर्पण और सेवा के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है। यह सम्मान आपको आगे भी और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
          मा० विधायक सदर अदिति सिंह ने कहा कि आज हम उन शिक्षा मित्रों का सम्मान करने के लिए एकत्रित हुए हैं, जिन्होंने अपने समर्पण, मेहनत और सेवा भाव से शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
          शिक्षा मित्र हमारे समाज की वह मजबूत नींव हैं, जो बच्चों के भविष्य को आकार देने का कार्य करते हैं। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में, जहाँ संसाधनों की कमी होती है, वहाँ आपने जिस धैर्य और लगन के साथ शिक्षा की अलख जगाई है, वह अत्यंत सराहनीय है।  मैं यह मानती हूँ कि किसी भी प्रदेश का विकास उसकी शिक्षा व्यवस्था पर निर्भर करता है, और इस व्यवस्था को मजबूत बनाने में आप सभी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आपने केवल बच्चों को पढ़ाया ही नहीं, बल्कि उनमें संस्कार, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा भी जगाई है।
          मा० विधायक सलोन ने कहा कि आज का यह सम्मान आपके कार्यों की सराहना मात्र नहीं, बल्कि यह एक संदेश भी है कि समाज आपके योगदान को पहचानता है और उसका सम्मान करता है। यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम शिक्षा को और अधिक सशक्त बनाएं और हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाएं। उन्होंने कहा कि मैं आप सभी शिक्षा मित्रों से अपेक्षा करता हूँ कि आप इसी उत्साह और समर्पण के साथ आगे भी कार्य करते रहेंगे और समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।
          मैं सभी सम्मानित शिक्षा मित्रों को मानदेय वृद्धि की बधाई देता हूं एवं उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूँ।
          जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी ने अपने सम्बोधन में कहा कि शिक्षामित्रों को बताते हुए प्रसन्नता है कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षामित्रों को सीधे 10000 से बढ़ाकर 18000 रूपये मानदेय किया गया है, जिसे अप्रैल 2026 से लागू भी कर दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें पांच लाख रूपये तक की चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।
          इससे पूर्व कम्पोजिट विद्यालय रोझयां भीखमशाह, प्राथमिक विद्यालय डिडौली एवं कस्तुरबा विद्यालय सूची द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा कक्षा पांच की बालिका आवंतिका द्वारा कथक नृत्य प्रस्तुत किया गया।          
          इसके पश्चात बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया गया।  
          मंच का संचालन एस0एस0 पाण्डेय द्वारा किया गया। 
          धन्यवाद ज्ञापन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह द्वारा किया गया। 
          इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, उपजिलाधिकारी सचिन यादव, राजेश श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला पंचायत सदस्य राघवेन्द्र प्रताप सिंह सहित सम्बन्धित अधिकारी, शिक्षा मित्र आदि उपस्थित रहें।