ऊंचाहार:अज्ञात व्यक्ति द्वारा महिला को फोन पर प्रताड़ित करने का मामला,पुलिस से लगाई न्याय की गुहार,,,
रिपोर्ट-सागर तिवारी
ऊंचाहार, रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव की रहने वाली महिला ने पुलिस को तहरीर देकर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन पर मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने सुरक्षा की दृष्टि से स्थानीय कोतवाली प्रभारी को पत्र लिखकर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, पिछले कुछ समय से एक अज्ञात व्यक्ति दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उसे लगातार परेशान कर रहा है। महिला का आरोप है कि उक्त व्यक्ति फोन कॉल के जरिए गाली-गलौज और अश्लील बातें करता है। इतना ही नहीं, आरोपी द्वारा वॉट्सऐप वीडियो कॉल करके भी उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और बार-बार घर के बाहर मिलने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।पीड़िता ने बताया कि वह एक सम्मानित परिवार की महिला है और इस अज्ञात व्यक्ति की हरकतों के कारण वह अत्यधिक मानसिक तनाव में है। आरोपी की पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है, जिससे परिवार में असुरक्षा का माहौल है। पीड़िता ने आशंका जताई है कि उक्त व्यक्ति उसे गंभीर रूप से मानसिक रूप से प्रताड़ित करना चाहता है।

rexpress 