ऊंचाहार:अफवाहों के बीच गैस एजेंसियों पर उमड़ी उपभोक्ताओं की भारी भीड़

ऊंचाहार:अफवाहों के बीच गैस एजेंसियों पर उमड़ी उपभोक्ताओं की भारी भीड़

-:विज्ञापन:-




   रिपोर्ट-सागर तिवारी


ऊंचाहार। ईरान और इज़राइल के बीच बढ़ते युद्ध के तनाव ने स्थानीय स्तर पर ईंधन और एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर आशंकाएं पैदा कर दी हैं। ऊंचाहार स्थित गैस एजेंसियों पर बुधवार सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी गईं। बड़ी संख्या में लोग अपने खाली सिलेंडर लेकर घंटों इंतज़ार करते नज़र आए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय तनाव के चलते भारत में ईंधन और गैस की भारी कमी होने की अफवाह सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर तेज़ी से फैली है। इसी के डर से घबराए उपभोक्ता समय से पहले ही गैस रिफिल कराने के लिए दौड़ पड़े। इसके अलावा, नए नियमों और गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को लेकर भी उपभोक्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकारी सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि देश में गैस या ईंधन की कोई कमी नहीं है। प्रशासन ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करने की अपील की है। हालांकि, कतारों में खड़े लोगों का कहना है कि वे किसी भी संभावित संकट से बचने के लिए पहले ही इंतज़ाम कर लेना चाहते हैं।इस भीड़ और हड़बड़ी के बीच कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा 'आपदा में अवसर' तलाशने की बातें भी सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कुछ विक्रेता और बिचौलिए इस स्थिति का फायदा उठाकर सिलेंडरों की कालाबाज़ारी कर रहे हैं और ऊंचे दामों पर गैस बेच रहे हैं।
फिलहाल, प्रशासन इस भीड़ को नियंत्रित करने और आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए जांच की बात कह रहा है।