रायबरेली-स्कूल गेट पर लावारिस मिलीं बच्चों की किताबें, वायरल वीडियो से शिक्षा विभाग पर उठे सवाल
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली के महाराजगंज क्षेत्र स्थित कंपोजिट विद्यालय जमुरांवा में शिक्षा व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है। स्कूल परिसर के बाहर बच्चों की पाठ्य पुस्तकें लावारिस हालत में बिखरी मिलने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि विद्यालय गेट के पास बड़ी संख्या में बच्चों की किताबें बेतरतीब तरीके से पड़ी मिलीं। राहगीरों और ग्रामीणों ने जब यह दृश्य देखा तो नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि जिन किताबों को बच्चों की पढ़ाई के लिए सरकार द्वारा उपलब्ध कराया जाता है, उनका इस तरह खुले में पड़े होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों ने मामले की जांच की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि यदि किताबों का सही रखरखाव नहीं किया जा रहा है तो इसका सीधा असर बच्चों की शिक्षा पर पड़ता है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई किए जाने की भी मांग की है।
वहीं मामले को लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का आरोप है कि सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली शैक्षणिक सामग्री की निगरानी सही ढंग से नहीं की जा रही है। फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

rexpress 