रायबरेली-कुत्ते के काटने से महिला ग्राम प्रधान की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

रायबरेली-कुत्ते के काटने से महिला ग्राम प्रधान की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

-:विज्ञापन:-


रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647


महराजगंज रायबरेली। विकासक्षेत्र की ग्राम पंचायत मझिगवा की महिला ग्राम प्रधान आशा देवी निर्मल का सोमवार को लखनऊ स्थित मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और गांव में मातम का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार बीते मार्च माह में ग्राम प्रधान आशा देवी अपने घर के बाहर खड़ी थीं, तभी अचानक एक पागल कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें गंभीर रूप से काट लिया। घटना के बाद उनके पति हरिश्चंद्र उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल रायबरेली लेकर पहुंचे, लेकिन वहां अपेक्षित राहत न मिलने पर उन्हें बाराबंकी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जाता है कि निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था और कुछ समय तक उनकी हालत स्थिर बनी रही। लेकिन बीते शनिवार 4 अप्रैल को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल लखनऊ के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज शुरू किया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन कुत्ते के काटने से फैले संक्रमण ने धीरे-धीरे उनके शरीर को जकड़ लिया। संक्रमण अधिक फैल जाने के कारण उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई और अंततः सोमवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। ग्राम प्रधान आशा देवी के निधन से मझिगवा गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। ग्रामीणों ने उन्हें एक सरल, मिलनसार और जनहित के कार्यों में हमेशा सक्रिय रहने वाली जनप्रतिनिधि बताया। उनके आकस्मिक निधन से गांव को अपूरणीय क्षति हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में आवारा और खतरनाक कुत्तों पर नियंत्रण करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। वहीं ग्राम पंचायत के लोग और परिजन गहरे सदमे में हैं।