रायबरेली-अंबेडकर जयंती पर प्रतिमा हटाए जाने से बवाल, काफी समझाने के बाद शांत हुए ग्रामीण

रायबरेली-अंबेडकर जयंती पर प्रतिमा हटाए जाने से बवाल, काफी समझाने के बाद शांत हुए ग्रामीण

-:विज्ञापन:-

 

रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647


बछरावां रायबरेली। थाना क्षेत्र के पश्चिम गांव में अंबेडकर जयंती के अवसर पर उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब प्रशासन ने प्रस्तावित स्थल से डॉ० भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को हटवा दिया। ग्रामीणों ने इस कार्यवाही का विरोध करते हुए आक्रोश जताया और मौके पर जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत अंबेडकर जयंती के दिन प्रस्तावित भूमि पर अंबेडकर प्रतिमा स्थापित कर माल्यार्पण व पूजा-पाठ किया जाना था। इसके लिए ग्रामीणों ने तैयारी भी पूरी कर ली थी। लेकिन कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही पुलिस व राजस्व टीम ने पहुंचकर प्रतिमा को वहां से हटवा लिया, जिससे लोगों में नाराजगी फैल गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना पूर्व सूचना और सहमति के प्रशासन ने यह कार्यवाही की, जो उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते और प्रतिमा को पुनः स्थापित करने की मांग की गई है। कुछ लोगों ने कहा कि यह उनकी आस्था और सम्मान का विषय है, जिसके साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस बल के साथ राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत और समझाने के बाद भी ग्रामीण शांत नहीं हो रहे थे। आखिरकार क्षेत्रीय विधायक राहुल लोधी के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। विधायक ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी भावनाओं का सम्मान किया जाएगा और मामले का समाधान बातचीत से निकाला जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों ने विरोध समाप्त कर दिया। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में आगे की कार्यवाही की बात कही जा रही है। थाना अध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि सरकारी जमीन पर मूर्ति रखी गई थी। सूचना पर राजस्व टीम व पुलिस टीम ने पहुंचकर मूर्ति को हटवा दिया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मौजूद है।