रायबरेली के सुपर मार्केट की मरम्मत, नपा ने दुकानों और मकानों को खाली करने के लिए दिया था नोटिस
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली- गुरु तेग बहादुर मार्केट (सुपर मार्केट) की मरम्मत का रास्ता साफ हो गया है। नगर पालिका की बोर्ड बैठक में सुपर मार्केट की मरम्मत कराने का प्रस्ताव पास हुआ।
जर्जर मार्केट की एक करोड़ 10 लाख से संवारा जाएगा। इसके लिए टेंडर कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जर्जर हिस्से की मरम्मत पर सहमति बनने के बाद अब व्यापारियों को राहत मिली है।
नगर पालिका ने 31 जनवरी को भवनों को जर्जर बताते हुए एक माह के भीतर दुकान, आवास व कार्यालय खाली करने की नोटिस जारी की गई थी। इससे व्यापारियों में चिंता बढ़ गई थी। विरोध में व्यापारियों ने आंदोलन शुरू कर दिया था। दबाव बढ़ा तो 16 फरवरी को फिर से पत्र जारी किया गया कि भवन की मरम्मत आइआइटी व केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान नई दिल्ली से जांच कराने के बाद कराई जा सकती है।
टीम ने नए ढंग से की थी बिल्डिंग की जांच
नगर पालिका व पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम ने बिल्डिंग की जांच नए ढंग से 17 मार्च को की थी। अधिशासी अधिकारी स्वर्ण सिंह का कहना है कि एक करोड़ दस लाख रुपये की लागत से जर्जर छज्जों व ऊपरी स्थल की मरम्मत के लिए प्रस्ताव पास होने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि शेष बिल्डिंग की बदहाल छत, दीवार व गुणवत्ता की जांच को लेकर आइआइटी व केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान को पत्र भेज दिया गया है। जिसकी रिपोर्ट आने पर ही शेष कार्य को भी कराया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर का कहना है कि व्यापारियों के हित को लेकर निर्णय लिया गया है। बारिश से पहले मरम्मत कार्य करा दिया जाएगा। शेष काम जांच रिपोर्ट आने के बाद कराया जाएगा। गुरु तेग बहादुर मार्केट (सुपर मार्केट) के अध्यक्ष परमजीत सिंह गांधी ने कहा कि व्यापारियों के हित में ऐसा निर्णय पहले ही ले लेना चाहिए था।

rexpress 