रायबरेली-रफ्तार के कहर ने छीनी त्यौहार की खुशियां, दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की हुई मौत

रायबरेली-रफ्तार के कहर ने छीनी त्यौहार की खुशियां, दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की हुई मौत

-:विज्ञापन:-





तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक सवार ओवर ब्रिज के डिवाइडर से टकराया, मचा कोहराम

रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647


बछरावां रायबरेली। थाना क्षेत्र के कस्बा अंतर्गत बांदा बहराइच राजमार्ग पर बने ओवरब्रिज के ऊपर बीते मंगलवार की देर रात तकरीबन 11:00 बजे के आसपास एक बाइक सवार युवक अत्यधिक तेज रफ्तार होने के चलते अनियंत्रित होकर उसके डिवाइडर से टकरा गया। जिससे वह उछलकर एक दुकान की छत पर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक युवक अजय पुत्र पंचम उम्र 27 वर्ष निवासी बबुरिहा खेड़ा, जो कि बांदा बहराइच राजमार्ग होते हुए उस पर स्थित रेलवे ओवर ब्रिज के ऊपर से किसी कार्य के लिए भवानीगढ़ की तरफ जा रहा था, जैसे ही वह कस्बे के मुख्य चौराहे के ऊपर उक्त ओवरब्रिज पर पहुंचा, तभी सामने से आ रहे किसी वाहन की लाइट अचानक पडने से उसकी बाइक तेज रफ्तार होने के चलते अनियंत्रित हो गई और वह ओवर ब्रिज के डिवाइडर से टकराकर पास में ही स्थित ओम प्रकाश रेडीमेड की दुकान की छत के ऊपर जा गिरा, टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी बाइक के परखच्चे उड़ गए तो वहीं उक्त मृतक युवक के भी चीथड़े उड़ गए। आसपास गुजर रहे राहगीरों के द्वारा उसकी बाइक के नंबर प्लेट से जानकारी निकाल कर घटना की सूचना उसके परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों एवं ग्रामीणों के द्वारा उक्त युवक की खोजबीन आसपास की जाने लगी, घंटों काफी खोजबीन करने के पश्चात उन्होंने उक्त मृतक युवक को ओमप्रकाश रेडीमेड की दुकान की छत के ऊपर मृत अवस्था में देखा। इसके पश्चात उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस के द्वारा युवक के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस बाबत थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त हुई है, मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वही युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है और ग्रामीणों के त्यौहार की खुशियां फीकी पड़ गई है।