शिवगढ़ नगर पंचायत में भी पड़ेंगे वोट

शिवगढ़ नगर पंचायत में भी पड़ेंगे वोट
शिवगढ़ नगर पंचायत में भी पड़ेंगे वोट

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-केशवानन्द शुक्ला


रायबरेली-पहली बार अस्तित्व में आई नगर पंचायत शिवगढ़ में इस बार होने वाले नगर निकाय चुनाव में वोटिंग कराए जाने का रास्ता साफ हो गया है। शासन से चुनाव प्रक्रिया कराने की हरी झंडी मिलने के बाद इस नगर पंचायत में भी चुनाव कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। नई नगर पंचायत में कितने वार्ड होंगे और वोटरों की संख्या क्या रहेगी, इसका खाका तैयार किया जा रहा है। इस समय नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है।


जिले में अभी तक नगर पालिका रायबरेली के अलावा कुल आठ नगर पंचायतें बछरावां, ऊंचाहार, नसीराबाद, डलमऊ, लालगंज, महराजगंज, परशदेपुर, सलोन थी। शासन ने इस बार शिवगढ़ को भी नगर पंचायत का दर्जा दिया था। नई नगर पंचायत होने के चलते यहां पर नगर निकाय चुनाव कराने को लेकर सस्पेंस बरकरार था, लेकिन अब शासन ने यहां पर इस बार नगर निकाय चुनाव कराने को हरी झंडी दे दी है। इस तरह जिले में अब एक नगर पालिका और नगर पंचायतों की कुल संख्या नौ हो गई है।
नगर निकाय चुनाव की तैयारियां जिले में तेजी के साथ चल रही हैं। मतदाता सूची पुुनरीक्षण कार्य में 314 बीएलओ, 42 सुपरवाइजर और 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में एक नगर पालिका और नौ नगर पंचायतों में बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य कर रहे हैं। कोई मतदाता सूची में नाम बढ़वा रहा है तो कोई मतदाता सूची में नाम संशोधन करा रहा है।
एक नगर पालिका और नौ नगर पंचायतों में चुनाव कराने के लिए मतदाता सूची की फीडिंग का कार्य भी शुरू करा दिया गया है। चुनाव से जुड़े अधिकारी बताते हैं कि 20 नवंबर को मतदाता सूची का प्रकाशन हो सकता है। इसी देखते हुए तेजी के साथ मतदाता सूची फीडिंग का कार्य भी कराया जा रहा है। अधिकारी बताते हैं कि इस बार एक नगर निकाय और नौ नगर पंचायतों में करीब 40 से 50 हजार नए वोटर बढ़ने का अनुमान है।

नगर पंचायत शिवगढ़ में भी नगर निकाय चुनाव कराने की तैयारी शुरू करा दी गई है। अब जिले में एक नगर पालिका और नगर पंचायतों की कुल संख्या नौ हो गई है। मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य चल रहा है। साथ ही मतदाता सूची फीडिंग का कार्य भी शुरू करा दिया गया है। पिछले चुनाव की अपेक्षा इस बार नए वोटरों की संख्या बढ़ जाएगी।
राजकुमार शुक्ला, सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं नगरीय निकाय