रायबरेली-नेतृत्व क्षमता विकास प्रशिक्षण सफलतापूर्वक आयोजित

रायबरेली-नेतृत्व क्षमता विकास प्रशिक्षण सफलतापूर्वक आयोजित

-:विज्ञापन:-

 

सबला द्वारा संचालित समर्थ परियोजना के अंतर्गत विकासखंड हरचंदपुर की 8 ग्राम सभाओं शोरा, टांडा, छतैया, गुल्लूपुर, कठवारा, कासोखास, लालूपुर और मुबारकपुर में महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं के लिए एक दिवसीय नेतृत्व क्षमता विकास प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में क्षेत्र की किशोरियों एवं महिलाओ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया ।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत एवं परिचय सत्र से हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने "मेरा नाम, मेरी पहचान जैसी गतिविधियों के माध्यम से अपना परिचय दिया। इसके बाद नेतृत्व क्या है विषय पर समूह चर्चा कर एक अच्छे नेता के गुणों पर विचार किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को समूह चर्चा के माध्यम से विभिन्न सामाजिक एवं पारिवारिक समस्याओं पर विचार करने और समाधान प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया। समूहों ने अपनी-अपनी राय साझा की, जिससे सामूहिक समझदारी और नेतृत्व कौशल में वृद्धि हुई।

टीम वर्क और विश्वास सत्र में "आंख बंद भरोसा' और 'टॉवर बनाओ' जैसे खेलों के माध्यम से आपसी सहयोग और विश्वास को बढ़ावा दिया गया।

इसके बाद संचार कौशल सत्र में "संदेश पास करो और रोल प्ले के जरिए प्रभावी संवाद के महत्व को समझाया गया।
प्रशिक्षण दाता ब्रजपाल और श्रीमती  ज्योति प्रकाशिनी, श्रीमती रंजना ने प्रतिभागियों को समझाया कि नेता केवल वह नहीं होता जो चुनाव में वोट मांगता है, बल्कि वास्तविक नेता वह है जो अपने परिवार व समाज को सही दिशा देकर सबका मार्गदर्शन करता है और जीवन को सरल बनाता है।

कार्यक्रम के दौरान में प्रेरणादायक गीत और नारे जैसे 'हम होंगे कामयाब व तू जिंदा है तो जिन्दगी की जीत में यकीन कर के साथ उत्साहवर्धन किया गया तथा प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए। 

कार्यक्रम में उपस्थित श्री राजेंद्र जी व टीम लीडर शुभा मिश्रा ने इस अवसर पर कहा "प्रत्येक व्यक्ति स्वयं में एक लीडर है, बस आवश्यकता है अपनी क्षमता को पहचानने और उसे विकसित करने की।

इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनके भीतर सामाजिक नेतृत्व की भावना व टीम भावना और संवाद कौशल का विकास करना रहा।

सबला समर्थ की परियोजना समन्वयक दीपांजलि श्रीवास्तव, एनिमेटर सज्जन,सुनैना, ममता और ज्योति, काउंसलर दीपिका एवं केस वर्कर अलका श्रीवास्तव  के सहयोग से कार्यक्रम को सफल बनाया गया ।