रायबरेली- कटघर पावर हाउस पर ग्रामीणों का हल्लाबोल, बिजली कटौती से फूटा गुस्सा
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली के डलमऊ तहसील क्षेत्र स्थित कटघर पावर हाउस पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब लगातार बिजली कटौती से परेशान दर्जनों ग्रामीण पावर हाउस पहुंच गए। ग्रामीणों का आरोप है कि रोस्टिंग के नाम पर पूरी-पूरी रात बिजली गुल रखी जा रही है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच बिजली न मिलने से लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
ग्रामीणों ने पावर हाउस में तैनात कर्मचारियों पर शराब के नशे में ड्यूटी करने का भी आरोप लगाया। इसी बात को लेकर ग्रामीणों और कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बना रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह ग्रामीणों को शांत कराया। ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था में सुधार और नियमित सप्लाई की मांग की है। वहीं विभागीय अधिकारियों की ओर से मामले की जांच और जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन दिया गया है।

rexpress 