रायबरेली-अधिवक्ता के घर चोरी, पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप
बार एसोसिएशन ने 2 दिन में गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की दी चेतावनी
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
महाराजगंज रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र में एक अधिवक्ता के घर हुई चोरी और पुलिस की कथित निष्क्रियता को लेकर बार एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाया है। एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम दिया है कि यदि आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी का सामान बरामद नहीं होता है, तो सभी अधिवक्ता कार्य बहिष्कार कर आंदोलन करेंगे। यह मामला महाराजगंज बार एसोसिएशन के सदस्य अधिवक्ता अवध किशोर सिंह उर्फ राजकुमार सिंह से जुड़ा है। उन्होंने 16 अप्रैल 2026 को महाराजगंज थाना में एक प्रार्थना पत्र और प्रथम सूचना रिपोर्ट (अपराध संख्या 38/2026) दर्ज कराई थी। इसमें बताया गया था कि उनके पैतृक गांव हिलहा स्थित घर में रात के समय चोरों ने सेंध लगाकर जेवरात और नकदी चुरा ली थी। अधिवक्ता ने सात नामजद अभियुक्तों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अधिवक्ता अवध किशोर सिंह के अनुसार, थाना प्रभारी जगदीश यादव के नेतृत्व में सादे लिबास में गए पुलिसकर्मियों ने उनके भाई और चाची के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की। उनका आरोप है कि नामजद अभियुक्त उन्हें लगातार धमकियां दे रहे हैं, लेकिन पुलिस उनकी गिरफ्तारी नहीं कर रही है, बल्कि उन्हें खुलेआम घूमने की छूट दे रही है। इन परिस्थितियों में अधिवक्ता और उनके परिवार के सदस्यों को किसी भी समय अप्रिय घटना होने का डर सता रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराजगंज बार एसोसिएशन की कार्यकारी बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि उप जिलाधिकारी महाराजगंज को अवगत कराया जाए और पुलिस प्रशासन को दो दिन का समय दिया जाए। यदि इस अवधि में अभियुक्तों की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी नहीं होती है, तो समस्त अधिवक्ता कार्य बहिष्कार कर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

rexpress 