रायबरेली-मटका ग्राम सभा में धूमधाम से मनाई गई भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती, उमड़ा जनसैलाब*

रायबरेली-मटका ग्राम सभा में धूमधाम से मनाई गई भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती, उमड़ा जनसैलाब*

-:विज्ञापन:-


सलोन/रायबरेली सलोन क्षेत्र के मटका ग्राम सभा में बुधवार को भारतीय संविधान के निर्माता, शोषितों-वंचितों के मसीहा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ बाबासाहेब के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। पूरा पंडाल "जय भीम, जय संविधान" के नारों से गूंज उठा।

*मुख्य व विशिष्ट अतिथियों ने बढ़ाई शोभा*  
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अमरेंद्र बाहुबली जी और सम्राट विनोद मौर्य उर्फ सुशील जी का आयोजकों ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत सलोन के प्रतिष्ठित समाजसेवी श्री चंद्रशेखर रस्तोगी जी एवं बगहा ग्राम सभा के प्रधान अमित पासी जी मंच पर मौजूद रहे। अतिथियों ने बाबासाहेब के व्यक्तित्व व कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

बाबासाहेब के विचारों पर चलने का लिया संकल्प
मुख्य अतिथि अमरेंद्र बाहुबली जी ने कहा, "बाबासाहेब ने हमें शिक्षा, संगठन और संघर्ष का जो मंत्र दिया है, वही समाज के उत्थान की असली कुंजी है। जब तक गाँव का अंतिम व्यक्ति शिक्षित और जागरूक नहीं होगा, तब तक हम बाबासाहेब के सपनों का भारत नहीं बना सकते।" वहीं सम्राट विनोद मौर्य उर्फ सुशील जी ने युवाओं से अपील की कि वे नशे व कुरीतियों से दूर रहकर संविधान को अपने जीवन में उतारें।


सैकड़ों लोगों ने की शिरकत, निकली भव्य शोभायात्रा  
कार्यक्रम में मटका के अलावा आसपास के दर्जनों गाँवों से सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल हुए। सुबह गाँव में बाबासाहेब की भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसमें डीजे पर महापुरुषों के गीत बज रहे थे। युवाओं ने हाथों में नीला झंडा और तख्तियां लेकर समता व भाईचारे का संदेश दिया।  
इस दौरान स्कूली बच्चों द्वारा बाबासाहेब के जीवन पर आधारित भाषण, कविता और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मंच संचालन कर रहे वक्ताओं ने समाज से छुआछूत व भेदभाव खत्म कर एकजुट होने का आह्वान किया। 
कार्यक्रम को सफल बनाने में उदयभान रिंकू व सोहित अंबेडकर आयोजक मंडल के सभी सदस्यों और ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।