रायबरेली: चाइनीज लोन ऐप से करोड़ों की ठगी करने वाला गिरफ्तार

रायबरेली: चाइनीज लोन ऐप से करोड़ों की ठगी करने वाला गिरफ्तार

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

चाइनीज लोन APP बंद हुए तो रिकवरी एजेंट ने रायबरेली के युवक को धमका कर वसूले 1 करोड़; दिल्ली से गिरफ्तार

 

रायबरेली। दिल्ली के युवक ने 15 चाइनीज लोन एप में रिकवरी एजेंट के रूप में काम किया। वह एप बंद हुए, लेकिन लोन लेने वालों का पूरा डाटा उसके पास सुरक्षित रहा। उसी आधार पर उसने ईमेल, व्हाट्सएप के जरिए जनपद के एक युवक व उसके संबंधियों को एडिटेड न्यूड फोटो भेजकर चार साल में एक करोड़ रुपये वसूल लिए।

एसटीएफ ने मामले में छानबीन शुरू की और गुरुवार को ऊंचाहार पुलिस के साथ आरोपित को दबोच लिया।

एसपी रवि कुमार ने बताया कि नई दिल्ली के थाना बिंदापुर उत्तमनगर के सी-33 गली नंबर आठ विश्वास पार्क के रहने वाले आरोपित सौरभ मिश्र को एसटीएफ व ऊंचाहार पुलिस ने दौलतपुर के पास से पकड़ा गया है। उसके पास से दो मोबाइल, एक कार व 20 हजार रुपये बरामद हुए हैं।

एसटीएफ टीम को सौरभ मिश्र के दौलतपुर के पास हाेने की जानकारी मिली तो उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बताया कि आरोपित ने पूछताछ में बताया कि उसके पास बीसीए की डिग्री है, वर्ष 2020 में 15 अवैध चाइनीज लोन एप में रिकवरी एजेंट के रूप में काम कर रहा था।

इन एप में कुछ औपचारिकता पूरी करने के बाद सात दिनों के लिए लोन दिया जाता था। इस दौरान जिले के युवक त्वरित यादव को दिए गए लोन की वापसी के लिए संपर्क किया। तभी दिसंबर 2020 में अवैध चाइनीज एप बंद हो गए।

हालांकि, लोन लेने वालों का डाटा उसने अपने पास सुरक्षित रखा लिया। फिर वह वन एक्स वेट कसिनो गेमिंग एप में पैसा लगाने लगा। लगातार हार और गेम की लत के कारण उसने पूर्व में रखे डाटा के जरिए लोगों को फोन, ईमेल, व्हाट्सएप, इंटरनेट कॉलिंग के जरिए संपर्क करके डरा धमकाकर वन एक्स वेट कसिनो गेमिंग एप के विभिन्न खातों में पैसा मंगवाता गया।

बाद में उस पैसे को एप से अपने खातों में ट्रांसफर कर लेता था। जनपद के युवक ने जब लोन एप से कर्ज लिया था तो उसने अपना डाटा एप को दिया था। कंपनी बंद होने के बाद युवक के संबंधियों को एडिटेड न्यूड फोटो, व्हाट्सएप व ईमेल के जरिए भेजकर तो कभी सीबीआइ अधिकारी बनकर डराता व धमकाता था।

आरोपित ने वर्ष 2021 से 2025 तक करीब एक करोड़ रुपये की इस परिवार से अवैध वसूली की। आरोपित को पुलिस ने जेल भेज दिया है।

सितंबर में ऊंचाहार में दर्ज की गई थी एफआईआर

एनटीपीसी निवासी ऋषभ यादव ने सितंबर में पुलिस को तहरीर देकर पांच लाख रुपये फ्रॉड होने की शिकायत की थी। इस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू की थी।

जेवर बेच कर भेजे रुपये

ऊंचाहार निरीक्षक अजय राय ने बताया कि त्वरित के पिता एनटीपीसी में नौकरी करते हैं। आरोपित ने उनके पिता व भाई से संपर्क किया और उन्हें भी डराने धमकाने लगा। यहां तक कि जेवर बेचकर भी रुपये भेजे गए। इतने में भी वह नहीं माना और रुपये की डिमांड करता रहा। थक हारकर इसकी शिकायत की गई।