रायबरेली-अपर मुख्य सचिव ने गौ आश्रय केंद्र का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा निर्देश
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
बछरावा रायबरेली। पशुधन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम उत्तर प्रदेश में निराश्रित गोवंश के संरक्षण और गोशालाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निरंतर सक्रिय हैं। इसी क्रम में शनिवार को उन्होंने विकासखंड क्षेत्र के अंतर्गत बन्नावा ग्राम सभा में स्थित गौशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला में मौजूद निराश्रित गौवंशों की खाद्य सामग्री एवं स्वास्थ्य संबंधी उत्तम व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही साथ उन्होंने मौके पर मौजूद मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी रायबरेली डॉक्टर कुलदीप द्विवेदी को गौशाला की व्यवस्थाओं को और अधिक उत्तम बनाने के लिए निर्देशित किया। और बरसात के मौसम में जलभराव से निपटने की रणनीति बनाने के साथ-साथ वर्तमान में अधिक से अधिक भूसा संग्रह करने के संबंध में आदेशित किया। इसी क्रम में उन्होंने गौशाला के अन्य जिम्मेदार अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए गौशाला में वृक्षारोपण कराए जाने की बात कही, ताकि गौशाला हरी-भरी एवं पूर्ण रूप से ऑक्सीजन युक्त बनी रहे। इस मौके पर पशु चिकित्सा अधिकारी बछरावां डॉक्टर सुरेश चंद्रा, नोडल अधिकारी पशु आश्रय केंद्र बछरावां डॉक्टर विजय शंकर पटेल, ग्राम विकास अधिकारी बन्नावा आलोक शुक्ला, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बन्नावा रामनरेश सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

rexpress 