रायबरेली-निर्माणाधीन पानी की टंकी बनी किशोर के लिए मौत का कारण, खेलते समय हुआ हादसा

रायबरेली-निर्माणाधीन पानी की टंकी बनी किशोर के लिए मौत का कारण, खेलते समय हुआ हादसा

-:विज्ञापन:-

 


रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647


महाराजगंज रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के ठाकुरपुर गांव में निर्माणाधीन पानी की टंकी एक 12 वर्षीय किशोर के लिए मौत का कारण बन गई, जब खेलते समय बीते साढ़े 3 वर्षों से अधूरी पड़ी टंकी की सीढ़ियों से 12 वर्षीय किशोर अचानक नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार देर शाम कुछ बच्चे खेलते समय निर्माणाधीन पानी की टंकी के ऊपर चढ़ गए, इसी दौरान ठाकुरपुर गांव निवासी कुनाल पुत्र रामनेवाज उम्र 12 वर्ष का उक्त टंकी पर चढ़ने के दौरान संतुलन बिगड़ने के कारण वह ऊपर से सीधे नीचे आ गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों द्वारा तुरंत घायल अवस्था में बच्चे के परिजनों को सूचना देते हुए इलाज के लिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महाराजगंज पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के पश्चात गंभीर हालत में चिकित्सक के द्वारा उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान किशोर की मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार पानी की टंकी का निर्माण कार्य पिछले तीन वर्षों से अत्यंत धीमी गति से चल रहा है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने और निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग उठाई थी। इसके बावजूद न तो निर्माण कार्य में तेजी लाई गई और न ही पर्याप्त सुरक्षा उपाय किए गए। बताया जा रहा है कि निर्माण स्थल पर एक चौकीदार की ड्यूटी भी लगाई गई है। लेकिन उसकी मौजूदगी के बावजूद बच्चे आसानी से टंकी पर चढ़ गए, जो सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने इस घटना के लिए कार्यदायी संस्था और ठेकेदार की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्यवाही की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा व्यवस्था के उचित इंतजाम किए जाते तो शायद किशोर की जान बच सकती थी।