ईरान और अमेरिका के बीच 2 हफ्तों का युद्धविराम, डेडलाइन से ठीक पहले ट्रंप ने किया ऐलान, इजरायल ने भी जताई सहमति

ईरान और अमेरिका के बीच 2 हफ्तों का युद्धविराम, डेडलाइन से ठीक पहले ट्रंप ने किया ऐलान, इजरायल ने भी जताई सहमति

-:विज्ञापन:-

 

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) को कहा कि वे दो हफ्तों के लिए ईरान पर बमबारी रोकने पर सहमत हो गए हैं। यह सहमति उनकी डेडलाइन की रात 8 बजे (भारतीय समयानुसार सुबह 5.30 बजे) की समय सीमा से दो घंटे से भी कम समय पहले बनी।

ट्रंप ने डेडलाइन पूरी होने पर पूरी सभ्यता को तबाह करने की धमकी दी थी। वाइट हाउस ने कहा है कि इजरायल ने भी इस अस्थायी युद्धविराम पर सहमति जताई है।
 

ट्रंप ने ईरान के सामने रखी शर्त

ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल मीडिया पर दो हफ्तों के युद्धविराम समझौते की जानकारी दी और कहा कि यह समझौता इस शर्त पर किया गया है कि ईरान, होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से पूरी तरह खोलने पर सहमत हो। ट्रंप की घोषणा पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के उस प्रस्ताव के बाद आई है, जिसमें उन्होंने अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत के लिए संघर्ष-विराम का सुझाव दिया था।

शहबाज और मुनीर से बातचीत के बाद ट्रंप का ऐलान

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल असीम मुनीर के साथ हुई बातचीत के आधार पर- जिसमें उन्होंने मुझसे अनुरोध किया था कि मैं आज रात ईरान भेजे जा रहे विनाशकाली बल को रोक लूं- और इस शर्त पर कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह, तुरंत और सुरक्षित रूप से खोलने पर सहमत हो, मैं दो हफ्ते की अवधि के लिए ईरान पर बमबारी और हमले को रोकने पर सहमत हूं। यह एक दो-तरफा युद्धविराम होगा।'

ट्रंप ने बताया निर्णायक समझौते की दिशा में कदम

युद्धविराम की वजह बताते हुए ट्रंप ने आगे कहा, 'ऐसा करने का कारण यह है कि हमने अपने सभी सैन्य उद्येश्यों को पहले ही पूरा कर लिया है और उनसे आगे भी निकल गए हैं। साथ ही हम ईरान के साथ दीर्घकालिक शांति और मध्य-पूर्व में शांति सुनिश्चित करने वाले एक निर्णायक समझौते की दिशा में काफी आगे बढ़ चुके हैं।'

इजरायल भी हमले रोकने पर सहमत

ट्रंप ने आगे लिखा कि अमेरिकी राष्ट्रपति के तौर पर यह उनके लिए गर्व की बात है कि एक लंबे समय से चली आ रही यह समस्या अब समाधान के बेहद करीब है। वॉइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने CNN को बताया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से किए गए दो हफ्ते के सीजफायर का इजरायल की भी हिस्सा है। अधिकारी ने बताया कि इजरायल भी बातचीत जारी रहने तक बमबारी रोकने पर समहत हो गया है।