Raibareli-पति ने पत्नी की धारदार हथियार से की हत्या

भदोखर थाना क्षेत्र के फेरू का पुरवा गांव में शुक्रवार देर शाम नशे में धुत युवक ने कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। उसने पत्नी के सिर पर करीब तीन वार किए, जिससे वह खून से लथपथ हो गई।
फेरू का पुरवा गांव निवासी लवकुश का चार साल पहले मनीता (24) के साथ विवाह हुआ था। शादी के बाद से दोनों के बीच अनबन चल रही थी। मामला कोर्ट तक पहुंच गया। कोर्ट के निर्देश पर दंपती एक साल से घर पर रह रहे थे। इधर, फिर दंपती में अनबन हो गई और विवाद होने लगा।
शुक्रवार शाम करीब छह बजे लवकुश नशे में धुत होकर घर पहुंचा। इसी दौरान उसका मनीता से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इससे खफा युवक ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। इससे मनीता गंभीर रूप से जख्मी हो गई। शोरगुल पर आसपास के लोग पहुंचे तो हमलावर भाग गया। लोगों ने महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि दंपती के बीच अनबन चल रही थी। इसी वजह से युवक ने पत्नी की हत्या की है। आरोपी की तलाश की जा रही है।



