सपा के बागी विधायकों पर एक्शन, 3 को पार्टी से निकाला; 4 पर चाबुक चलना बाकी
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने तीन बागी विधायकों पर एक्शन लिया है। कथित तौर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल विधायक अभय प्रताप सिंह, विधायक राकेश प्रताप सिंह और विधायक मनोज कुमार पाण्डेय को सपा से निष्कासित कर दिया है।
2022 के विधानसभा चुनाव में साइकिल के सिंबल पर चुनाव जीतने वाले ये तीनों विधायक भाजपा के करीबी बन गए थे।
समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर तीनों विधायकों पर एक्शन की जानकारी दी। सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार तीनों नेताओं से पार्टी का शीर्ष नेतृत्व, खासकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव काफी दिनों से नाराज चल रहे थे। इसकी वजह भाजपा सरकार से करीबी और पार्टी की नीतियों के खिलाफ जाकर काम करना बताया गया।
सपा ने दिया गया था सुधरने का मौका
सोशल मीडिया पोस्ट में सपा ने लिखा कि अभय प्रताप सिंह, राकेश प्रताप सिंह और मनोज कुमार पाण्डेय को गलती सुधारने का मौका दिया गया था, लेकिन समय सीमा समाप्त होने के बाद भी कोई सुधार नहीं आया। इसके बाद एक्शन लिया गया है। इतना ही नहीं बिना नाम लिए कई अन्य पार्टी विरोधी गतिविधि में शामिल नेताओं को चेतावनी भी दी गई है। सपा की तरफ से अन्य नेताओं को चेतावनी देते हुए लिखा गया कि शेष लोगों की समय सीमा अच्छे व्यवहार के कारण शेष है, भविष्य में भी 'जन-विरोधी' लोगों के लिए पार्टी में कोई स्थान नहीं होगा और पार्टी के मूल विचार की विरोधी गतिविधियां सदैव अक्षम्य मानी जाएंगी।
राज्यसभा चुनाव में 7 विधायकों ने की थी क्रॉस वोटिंग
अखिलेश यादव के इस एक्शन के पीछे राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को माना जा रहा है। इसके कारण भाजपा के आठों उम्मीदवार जीत गए थे, जबकि सपा के 3 में से 2 ही उम्मीदवार चुनाव जीत पाए। इस क्रॉस वोटिंग में सपा के 7 विधायक शामिल थे। अभय सिंह, राकेश प्रताप सिंह, मनोज पाण्डेय, पूजा पाल, विनोद चतुर्वेदी, आशुतोष मौर्य और राकेश पाण्डेय शामिल थे।



