रायबरेली-एक पेड़ मां के नाम’ बना जनआंदोलन, राज्यमंत्री ने किया वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ
‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान प्रत्येक नागरिक को अपनी मां के सम्मान तथा प्रकृति के संरक्षण से जोड़ने का प्रेरणादायी प्रयास: उद्यान मंत्री
उद्यानमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को किया सम्मानित
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
रायबरेली। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग उ0प्र0 दिनेश प्रताप सिंह ने सरस्वती इण्टर कालेज, खीरो में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अवसर पर आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ थीम के अंतर्गत हरिशंकरी का (बरगद, पीपल, पाकड़) का पौधा रोपित कर अभियान का शुभारंभ किया तथा प्रदेश सरकार के पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर हरित उत्तर प्रदेश विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के प्रतिभागियों द्वारा बनाई गई आकर्षक चित्रों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। साथ ही जनपद रायबरेली में मियावाकी पद्धति से विकसित किए जा रहे सघन वनीकरण तथा पौधरोपण की आधुनिक तकनीकों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया, जिससे उपस्थित जनसमुदाय को वैज्ञानिक एवं प्रभावी वृक्षारोपण की जानकारी प्राप्त हुई। इस अवसर पर उद्यान मंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि मा० प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के संकल्प के क्रम में मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया गया है। ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान प्रत्येक नागरिक को अपनी मां के सम्मान तथा प्रकृति के संरक्षण से जोड़ने का प्रेरणादायी प्रयास है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनका संरक्षण करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में रायबरेली में भी व्यापक जनभागीदारी के साथ वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक डमी चेक, प्रमाणपत्र, आवास की चाभियां एवं पौधों का वितरण किया गया। साथ ही चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। वृक्षारोपण से प्राप्त कार्बन क्रेडिट आय के चेक भी कृषकों को वितरित किए गए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में सरकार के नवाचारों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों, एनसीसी के बच्चों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा सभी नागरिकों से पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आग्रह किया। पूरे आयोजन में पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा जनसहभागिता का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। धन्यवाद ज्ञापन जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष भाजपा बुद्धिलाल, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, डी0एफ0ओ0 प्रखर मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, उपजिलाधिकारी लालगंज राजेश श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी लालगंज सुजीत राय, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी विनय सिंह, जिला उद्यान अधिकारी जयराम वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, खण्ड विकास अधिकारी खीरों अंजूरानी वर्मा, देवेन्द्र सिंह, विजय प्रताप सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

rexpress 