सात फेरों से पहले दूल्हे ने कहे ऐसे शब्द बिफर गयी दुल्हन और तोड़ दी शादी

सात फेरों से पहले दूल्हे ने कहे ऐसे शब्द बिफर गयी दुल्हन और तोड़ दी शादी

-:विज्ञापन:-

फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में बरात में बैंडबाजा और घोड़ी लेकर न आना दूल्हे को महंगा पड़ गया। पूछने पर दूल्हे ने दुल्हन को गालियां दे डालीं। इससे गुस्साई दुल्हन ने भी सात फेरे लेने से साफ इन्कार कर दिया।

इस घटना से दोनों ही पक्षों की खुशियों के रंग फीके पड़ गए। गांव में रातभर पंचायत जुटी रही, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। आखिर में दूल्हे को बिना बरात चढ़ाए ही बैरंग वापस लौटना पड़ा।

थाना दक्षिण क्षेत्र के अंतर्गत नई आबादी, हिमांयूपुर नगला पचिया निवासी शिवसागर का विवाह थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के अंतर्गत गांव नीम खेरिया निवासी फूलमती के साथ तय हुआ था। मंगलवार की रात दूल्हा पक्ष बरात लेकर शिकोहाबाद पहुंचा था। रात 11 बजे के करीब बरात दुल्हन के दरवाजे पर पहुंची, तो दुल्हन पक्ष बरात को देखकर हैरत में पड़ गया। बरात में न तो बैंडबाजा था और न घोड़ी। दूल्हा कार में बैठकर दुल्हन के दरवाजे पर पहुंचा। घोड़ी और बैंडबाजे के न होने का जब कारण जाना, तो आरोप है कि दूल्हे ने दुल्हन को गालियां दे डालीं। इससे दुल्हन भी भड़क गई, उसने भी जवाब में दूल्हे के साथ सात फेरे लेने से इन्कार कर दिया।

दुल्हन के तेवरों को देखकर हर कोई हैरत में पड़ गया। बरात में शामिल होने आए लोेगों के दुल्हन की बात सुनकर होश उड़ गए। एक ही पल में दोनों परिवारों की खुशियों के रंग फीके पड़ गए। गांव में पंचायत जुटी, दोनों ही पक्षों की ओर से रातभर पंचायत होती रही, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। मामले की जानकारी पर थाना पुलिस भी गांव में जा पहुंची। दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। आखिर में दोनों पक्षों के बीच हुआ लेनदेन पूरा करने के बाद बरात को बैरंग वापस लौटना पड़ा।

लगुन-टीका में भी किया था गलत व्यवहार
इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दूल्हे के द्वारा दुल्हन को गालियां दिए जाने पर मामले ने तूल पकड़ लिया था। दुल्हन का आरोप था कि गत 21 अप्रैल को लगुन-टीका में भी दूल्हा पक्ष के लोगों ने इसी तरह की हरकत बुफे के दौरान की थी। दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई थी, लेकिन बात नहीं बन सकी। इसके चलते दोनों पक्षों के बीच हुए लेनदेन को पूर्ण कराने के बाद दोनों पक्षों अलग-अलग हो गए हैं।