रायबरेली-डीजे से लदी अनियंत्रित पिकअप पलटी, दो की हालत नाजुक, कई घायल

रायबरेली-डीजे से लदी अनियंत्रित पिकअप पलटी, दो की हालत नाजुक, कई घायल

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824

रायबरेली-जनपद के जगतपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ब्लॉक दिनशाह गौरा के अंतर्गत कितूली मोड़ के पास डीजे से लदी एक अनियंत्रित पिकअप गाड़ी पलट गई। हादसे में वाहन पर सवार कई लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप गाड़ी तेज रफ्तार में जा रही थी। मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे गाड़ी अचानक पलट गई। पिकअप में डीजे का सामान लदा था और उस पर कई लोग भी सवार थे। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
स्थानीय ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और निजी वाहनों व एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की जानकारी मिली है।
घटना की सूचना मिलते ही जगतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना और तेज रफ्तार बताया जा रहा है। पुलिस घायलों की पहचान कराने के साथ ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कितूली मोड़ पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिससे क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।