रायबरेली में शिव महापुराण कथा का छठा दिन आज, ऊंचाहार पहुंचेगा सियासी दिग्गजों का जमावड़ा
रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव
मो - 8052996333
रायबरेली- ऊंचाहार क्षेत्र में चल रही विश्व प्रसिद्ध शिव महापुराण कथा का आज बुधवार को छठा दिन है। कथा में देश और प्रदेश के कई बड़े जनप्रतिनिधियों के पहुंचने का कार्यक्रम है। प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से चल रही कथा को सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंच रहे हैं।
कथा के छठे दिन जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा के ऊंचाहार पहुंचने का कार्यक्रम है। वहीं प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य दोपहर करीब एक बजे कथा स्थल पहुंचेंगे। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी कथा में शामिल होंगे।
इसके अलावा प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना शाम करीब चार बजे कथा स्थल पहुंचेंगे। कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी समेत कई राज्यमंत्री भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, रजनी तिवारी, अरुण कुमार और दानिश आजाद के भी पहुंचने का कार्यक्रम बताया गया है।
कथा में राज्यसभा सांसद नीरज शेखर समेत करीब एक दर्जन विधायकों के पहुंचने की भी संभावना है। वीआईपी मेहमानों के आगमन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां की गई हैं।
कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। छठे दिन कथा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

rexpress 