रायबरेली: काली मंदिर से डेढ़ लाख के गहने व दानपात्र चोरी, पुलिस जांच में जुटी
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली। शहर कोतवाली क्षेत्र के सत्यनगर स्थित काली मंदिर में शनिवार देर रात चोरों ने धावा बोलते हुए मंदिर में रखे मां काली के आभूषण और दानपात्र पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी रविवार सुबह मंदिर खुलने पर हुई, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मंदिर पहुंच गए और घटना को लेकर नाराजगी जताई।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, चोर मां काली के करीब 1.5 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर ले गए। इसके अलावा मंदिर का दानपात्र भी उठाकर फरार हो गए। धार्मिक स्थल पर हुई चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में आक्रोश व्याप्त है।
सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। फोरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल शहर कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

rexpress 