रायबरेली: पारिवारिक विवाद में खूनी संघर्ष, वीडियो वायरल पीड़ित दंपति का आरोप पुलिस ने सुनवाई के बजाय समझौते का बनाया दबाव

रायबरेली: पारिवारिक विवाद में खूनी संघर्ष, वीडियो वायरल पीड़ित दंपति का आरोप पुलिस ने सुनवाई के बजाय समझौते का बनाया दबाव

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

रायबरेली में रिश्तों का खूनी संघर्ष, ससुर और देवर ने बड़े बेटे-बहू को पीटा!

मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पीड़ित दंपति ने पुलिस पर समझौते का दबाव बनाने का लगाया आरोप

रायबरेली-डलमऊ थाना क्षेत्र के घूरवारा चौकी अंतर्गत खड़गपुर कुर्मीयाना गांव में संपत्ति और घर में ताला लगाने के विवाद को लेकर पारिवारिक संघर्ष का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुर ने अपने छोटे बेटे के साथ मिलकर बड़े बेटे और बहू की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिला के बाल खींचने और उसके पति को दीवार के पास घसीटकर पीटने के दृश्य दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।
पीड़ित महिला के मुताबिक, वह अपने पति राजेश कुमार के साथ खेत में काम करने गई थी। इसी दौरान ससुर कमलेश चौधरी और देवर रानेन्द्र कुमार ने कथित तौर पर घर का ताला तोड़कर कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर घर में तोड़फोड़ की गई और इलेक्ट्रॉनिक सहित कीमती सामान क्षतिग्रस्त कर दिए गए। महिला ने अभद्रता करने और कपड़े फाड़ने की कोशिश का भी आरोप लगाया है।
पीड़ित दंपति का आरोप है कि घटना के बाद न्याय की गुहार लगाने घूरवारा चौकी पहुंचे, लेकिन वहां उनकी शिकायत सुनने के बजाय पुलिस ने कथित तौर पर डांट-डपटकर भगा दिया। इतना ही नहीं, जबरन सुलह-समझौता कराकर मामले को रफा-दफा करने का भी आरोप लगाया गया है। इस आरोप ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि संपत्ति विवाद के बीच आरोपी ससुर पहले ही अपने बड़े बेटे राजेश कुमार को चल-अचल संपत्ति से बेदखल करने का नोटिस दे चुके थे। ऐसे में पारिवारिक विवाद के बीच हुई मारपीट की घटना ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
फिलहाल वायरल वीडियो और पीड़ित पक्ष के आरोपों के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। पीड़ित दंपति न्याय की गुहार लगा रहा है और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठा रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करता है या फिर पीड़ित परिवार न्याय के लिए भटकता रहता है।