रायबरेली-जीआरपी थाने का एसपी रोहित मिश्रा ने किया निरीक्षण, यात्रियों की सुरक्षा पर दिया जोर
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली-पुलिस अधीक्षक रोहित मिश्रा ने बुधवार को जीआरपी थाने का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने के अभिलेखों, सीसीटीवी कैमरों, शस्त्रों और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को परखा।
एसपी ने थाना परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ट्रेनों में होने वाली पत्थरबाजी की घटनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों के मुताबिक पिछले वर्ष ट्रेनों में पत्थरबाजी की 17 घटनाएं सामने आई थीं, जबकि इस वर्ष अब तक 3 घटनाएं दर्ज हुई हैं। एसपी ने ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा ट्रेनों और रेलवे परिसर में होने वाली चोरी की घटनाओं को लेकर भी एसपी ने समीक्षा की। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों और पूर्व में चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एसपी रोहित मिश्रा ने ट्रेनों के कोचों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि तकनीकी संसाधनों और निगरानी व्यवस्था को मजबूत कर यात्रियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान जीआरपी अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने तथा यात्रियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।

rexpress 