रायबरेली-एडीएम प्रशासन के ड्राइवर का कथित ऑडियो वायरल, खनन माफिया की पैरवी करने का आरोप

रायबरेली-एडीएम प्रशासन के ड्राइवर का कथित ऑडियो वायरल, खनन माफिया की पैरवी करने का आरोप

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

 

रायबरेली- डलमऊ तहसील क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म है। इस बार मामला एडीएम प्रशासन के ड्राइवर और एक लेखपाल के बीच हुई कथित बातचीत के वायरल ऑडियो से जुड़ा है। वायरल ऑडियो में खुद को एडीएम प्रशासन का ड्राइवर बताने वाला व्यक्ति लेखपाल से खनन कारोबारी प्रदीप यादव के पक्ष में बात करते हुए सुनाई देने का दावा किया जा रहा है।
कथित ऑडियो में ड्राइवर लेखपाल से कहता हुआ सुनाई दे रहा है कि, "लेखपाल जी, एडीएम प्रशासन का ड्राइवर बोल रहा हूं। प्रदीप यादव हमारे रिश्तेदार हैं, थोड़ा उनका ध्यान दीजिए।" इसी बातचीत को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं कि खनन कार्य को लेकर सिफारिश और संरक्षण देने का प्रयास किया गया।
ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद प्रशासनिक महकमे में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि वायरल ऑडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बातचीत किस समय और किन परिस्थितियों में हुई थी।
गौरतलब है कि डलमऊ तहसील क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन का कारोबार चर्चा का विषय बना हुआ है। ऐसे में वायरल ऑडियो ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली और खनन माफियाओं से कथित सांठगांठ को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि वायरल ऑडियो की जांच कराई जाती है तो पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

नोट-आर एक्सप्रेस न्यूज़ इस कथित ऑडियो की नही करता है पुष्टि