बिजली संकट पर सपा का हल्ला बोल, राज्यपाल संबोधित 10 सूत्रीय ज्ञापन अधिशासी अभियंता को सौपा
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
हरचंदपुर रायबरेली- विधानसभा क्षेत्र में गहराते बिजली संकट को लेकर समाजवादी पार्टी ने प्रदेश सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हरचंदपुर विधानसभा से सपा विधायक राहुल लोधी और सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित 10 सूत्रीय ज्ञापन अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड गुरुबख्शगंज को सौंपकर तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही की मांग की। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के दौर में हरचंदपुर क्षेत्र की जनता अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, ट्रिपिंग और जर्जर विद्युत व्यवस्था से त्रस्त है। ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रहने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, जबकि किसान सिंचाई संकट का सामना करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में आए आंधी-तूफान में क्षतिग्रस्त हुए बिजली पोल और लाइनों की मरम्मत में भी विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहा है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि बिजली उपकेंद्रों पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा फोन तक नहीं उठाया जाता, जिससे उपभोक्ताओं की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है। वहीं स्मार्ट मीटरों में कथित जंपिंग दोष और गलत बिजली बिलों को लेकर भी जनता में भारी नाराजगी है। सपा नेताओं ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच कर उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग उठाई। पार्टी ने अपने 10 सूत्रीय ज्ञापन में अघोषित कटौती पर रोक, नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, जर्जर विद्युत लाइनों के नवीनीकरण, नई बस्तियों में विद्युत आपूर्ति, उपकेंद्रों पर कर्मचारियों की अनिवार्य तैनाती तथा स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों के समाधान जैसी प्रमुख मांगें रखीं। सपा विधायक राहुल लोधी ने कहा कि बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के लिए जनता को संघर्ष करना पड़ रहा है, जो सरकार और बिजली विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वहीं जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह यादव ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक बड़ा जन आंदोलन छेड़ने को मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और बिजली विभाग की होगी। इस मौके पर सैकड़ो की संख्या में पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

rexpress 