रायबरेली: पुलिस की कार्यशैली से श्रद्धालुओं और डलमऊ के तीर्थ पुरोहितों में नाराजगी
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
डलमऊ ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेले में पुलिस प्रशासन की कार्यशैली को लेकर श्रद्धालुओं, तीर्थ पुरोहितों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। गंगा स्नान के लिए दूर-दराज से डलमऊ पहुंचे श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में हो रही परेशानियों ने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए। सुरक्षा के नाम पर की गई सख्ती को लेकर अब सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है।
मंगलवार सुबह करीब 9 बजे मुराई बाग चौराहे से गंगा घाट जाने वाले मार्ग और सलोन रोड पर सन्नाटा पसरा नजर आया। कार्तिक पूर्णिमा जैसे बड़े धार्मिक आयोजन पर जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और वाहनों की आवाजाही दिखाई देनी चाहिए थी, वहीं सड़कों पर सन्नाटा लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। आरोप है कि पुलिस की सख्ती और आवागमन पर लगाई गई पाबंदियों के चलते श्रद्धालु गंगा घाटों तक नहीं पहुंच पा रहे थे।
इस व्यवस्था को लेकर तीर्थ पुरोहितों और डलमऊ के स्थानीय निवासियों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि कार्तिक पूर्णिमा का मेला डलमऊ की पहचान और सदियों पुरानी धार्मिक परंपरा का प्रतीक है। ऐसे में श्रद्धालुओं को गंगा स्नान के लिए घाटों तक पहुंचने से रोकना उचित नहीं है। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर मेले की व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाई गई थी या उन्हें घाटों से दूर रखने के लिए?
वहीं, इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। स्थानीय लोगों और तीर्थ पुरोहितों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाए। सोशल मीडिया पर तस्वीरों और वीडियो के जरिए भी मेले की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई। एक तरफ प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद नजर आया, तो दूसरी तरफ श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर उठ रहे सवालों ने व्यवस्था की तस्वीर पर बहस छेड़ दी।
लोगों का कहना है कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था बेहद जरूरी है, लेकिन इसके साथ श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं और सुविधाओं का ध्यान रखना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। पुलिस प्रशासन को ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए थी, जिससे यातायात नियंत्रित रहे और श्रद्धालु आसानी से गंगा घाटों तक पहुंचकर स्नान कर सकें।
अब बड़ा सवाल यह है कि कार्तिक पूर्णिमा जैसे ऐतिहासिक और धार्मिक मेले में सुरक्षा के नाम पर इतनी सख्ती क्यों, जिससे श्रद्धालुओं और तीर्थ पुरोहितों को ही परेशानी उठानी पड़ी? फिलहाल मेले की व्यवस्थाओं को लेकर सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

rexpress 