रायबरेली: कब्जा हटाने पहुंची राजस्व टीम के सामने किसान हुआ बेहोश, बिना कार्रवाई लौटी टीम
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली के डीह थाना क्षेत्र के पूरे बाबू गांव में चकरोड से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व टीम को बिना कार्रवाई के ही बैरंग लौटना पड़ा। कार्रवाई के दौरान अचानक एक किसान की तबीयत बिगड़ गई और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। किसान के बेहोश होते ही मौके पर हड़कंप मच गया और राजस्व टीम को कार्रवाई रोकनी पड़ी।
बताया जा रहा है कि गांव में चकरोड पर किए गए कथित अतिक्रमण को हटाने के लिए राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। टीम कार्रवाई शुरू करने की तैयारी में थी, इसी दौरान एक किसान की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
वहीं, लेखपाल सुनील कुमार ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का कुछ लोगों ने विरोध किया और सरकारी कार्य में बाधा डाली। लेखपाल का कहना है कि कब्जेदारों द्वारा राजस्व टीम को कार्रवाई नहीं करने दी गई।
मामले में लेखपाल सुनील कुमार की तहरीर पर डीह थाने में 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल किसान की तबीयत बिगड़ने और मौके पर हुए विरोध के चलते चकरोड से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं हो सकी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

rexpress 