रायबरेली की MLA अदिति सिंह ने बढ़ाई लखनऊ की हलचल
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली में राहुल गांधी के उतरने और प्रियंका गांधी के चुनाव प्रचार की पूरी कमान संभाल लेने के बाद से यहां की राजनीति गरमाई हुई है। इस बीच रायबरेली सदर से भाजपा विधायक अदिति सिंह की एक पोस्ट ने शनिवार को रायबरेली से लखनऊ तक हलचल पैदा कर दी।
अदिति सिंह लंबे समय तक कांग्रेस में रही हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुईं और विधायक बनीं। अदिति के भाजपा में शामिल होने पर उनके पति अंगद का कांग्रेस ने पंजाब की नवाशहर से टिकट काट दिया था। इस पर वह निर्दल मैदान में उतरे लेकिन हार गए थे। कुछ समय बाद वह फिर से कांग्रेस में शामिल हो गए थे। अब अदिति के पोस्ट से तरह तरह के कयास लग रहे हैं।
इस लोकसभा चुनाव में विधायक अदिति सिंह के तीखे तेवर सामने आए हैं। अदिति ने चुनाव प्रचार से भी पूरी तरह दूरी बना रखी है। यह बात रायबरेली में भी चर्चा का विषय बनी हुई है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय में पांचवें चरण की सीटों को लेकर विधायकों और एमएलसी की बैठक की थी।
बैठक में अदिति सिंह भी मौजूद थीं। नड्डा ने सभी विधायकों से पार्टी प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरी ताकत से जुटने को कहा था। बैठक के बाद अदिति सिंह मीडिया के सवालों का जवाब दिए बिना ही सीधे निकल गई थीं। अब गृहमंत्री अमित शाह के चुनाव प्रचार में रायबरेली पहुंचने से पहले उनका यह पोस्ट सामने आया है।



