रायबरेली सीएचसी में बरसात के भरे गंदे पानी में बैठे सपा नेता, किया जल सत्याग्रह

रायबरेली सीएचसी में बरसात के भरे गंदे पानी में बैठे सपा नेता, किया जल सत्याग्रह

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा 

मो०न०:-9935593647

 

आठ घंटे बाद भी नहीं निकल सका पानी, विधायक समेत कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

 

नगर पंचायत ने पंपिंग सेट लगाकर शुरू कराया पानी निकासी का प्रयास

 

बछरावां रायबरेली- रविवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में हुए भीषण जलभराव ने स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली की पोल खोल दी। जच्चा-बच्चा वार्ड समेत अस्पताल के कई हिस्सों में गंदा पानी भर गया। पानी बेड तक पहुंचने से मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल परिसर की इस स्थिति के विरोध में सपा नेता प्रमोद चौधरी और हेमंत कुशवाहा गंदे पानी में बैठ गए और जल सत्याग्रह शुरू कर दिया। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि हल्की बारिश में भी सीएचसी परिसर जलमग्न हो जाता है, लेकिन जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने को लेकर जिम्मेदार गंभीर नहीं हैं। रविवार को हुई तेज बारिश के बाद हालात और बदतर हो गए। जच्चा-बच्चा वार्ड में गंदा पानी बेड तक पहुंचने से प्रसूताओं और नवजात बच्चों के स्वास्थ्य पर संक्रमण का खतरा मंडराने लगा है। जल सत्याग्रह की सूचना पर विधायक श्याम सुंदर भारती समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने अस्पताल प्रशासन और नगर पंचायत के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग की। मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह उर्फ रामजी भी पहुंचे। उन्होंने पंपिंग सेट लगवाकर अस्पताल परिसर से पानी बाहर निकालने का प्रयास शुरू कराया। हालांकि, करीब आठ घंटे बीत जाने के बाद भी अस्पताल परिसर में जलभराव की स्थिति बनी रही। इससे मरीजों और तीमारदारों की मुश्किलें कम नहीं हो सकीं। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उनका कहना था कि हर बारिश में सीएचसी का जलमग्न होना जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।