पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने रेल डाक सेवा, अहमदाबाद में डिविजनल लेवल ट्रेनिंग सेंटर का किया उद्घाटन*

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने रेल डाक सेवा, अहमदाबाद में डिविजनल लेवल ट्रेनिंग सेंटर का किया उद्घाटन*

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-केशवानन्द शुक्ला


*आईगॉट कर्मयोगी के माध्यम से आधुनिक प्रशासनिक एवं प्रबंधन प्रशिक्षण, सेवा गुणवत्ता में हो रहा निरंतर सुधार-पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव*

वर्तमान समय में डाक विभाग तेजी से डिजिटल परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है, ऐसे में अधिकारियों व कर्मचारियों का निरंतर प्रशिक्षण एवं कौशल उन्नयन अत्यंत आवश्यक है। पोस्टल सेवाओं में दक्षता, तकनीकी सशक्तिकरण एवं निरंतर क्षमता निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 17 अप्रैल 2026 को रेल डाक सेवा “ए एम” मंडल, अहमदाबाद में डिविजनल लेवल ट्रेनिंग सेंटर का उद्घाटन पोस्टमास्टर जनरल, उत्तर गुजरात परिक्षेत्र, अहमदाबाद श्री कृष्ण कुमार यादव द्वारा किया गया। उन्होंने ‘फंडामेंटल्स ऑफ जेनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ का प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रशिक्षार्थियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए। इस अवसर पर प्रवर अधीक्षक, रेल डाक सेवा, श्री पियूष रजक भी उपस्थिति रहे।

पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि आईगॉट (इंटीग्रेटेड गवर्नमेंट ऑनलाइन ट्रेनिंग) – कर्मयोगी प्लेटफॉर्म इस दिशा में एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा है, जिसके माध्यम से अधिकारियों-कर्मचारियों को आधुनिक प्रशासनिक, तकनीकी एवं प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे सेवा गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो रहा है। आईगॉट (इंटीग्रेटेड गवर्नमेंट ऑनलाइन ट्रेनिंग) – कर्मयोगी की शुरुआत माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा मिशन कर्मयोगी  के अंतर्गत की गई थी। इसका उद्देश्य देश के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को सतत, तकनीक-आधारित एवं प्रदर्शन-उन्मुख प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें अधिक सक्षम, उत्तरदायी, नवाचारशील एवं नागरिक-केंद्रित बनाना है। यह संपूर्ण पहल ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि वर्तमान में उत्तर गुजरात परिक्षेत्र में 08 डिविजनल लेवल ट्रेनिंग सेंटर एवं 01 रीजनल लेवल ट्रेनिंग सेंटर सक्रिय रूप से कार्यरत हैं, जो डाककर्मियों के सतत प्रशिक्षण एवं कौशल उन्नयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान उत्तर गुजरात परिक्षेत्र में 13,000 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है, जिसमें 10,000 डिविजनल लेवल ट्रेनिंग सेंटर के माध्यम से तथा 3,000 ऑनलाइन मोड के माध्यम से प्रशिक्षित हुए हैं। 

पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि डाक विभाग द्वारा आईगॉट प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभिन्न समसामयिक एवं उपयोगी प्रशिक्षण पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें कंडक्ट रूल्स, इफेक्टिव कम्युनिकेशन, पोस्ट ऑफिस रेगुलेशन्स 2024, एमआइएस रिपोर्ट्स अंडर एडवांस पोस्टल टेक्नोलॉजी 2.0, मैनेजिंग एंड लीडिंग टीम तथा फंडामेंटल्स ऑफ जेनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों को न केवल तकनीकी दक्षता प्राप्त हो रही है, बल्कि नेतृत्व क्षमता एवं निर्णय लेने की क्षमता भी सुदृढ़ हो रही है।

इस अवसर पर प्रवर अधीक्षक, रेल डाक सेवा श्री पियूष राजक ने कहा कि इस ट्रेनिंग सेंटर के माध्यम से रेल डाक सेवा के कर्मियों को प्रशिक्षण हेतु अन्यत्र जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इस सेंटर के माध्यम से 800 से अधिक कर्मियों को प्रत्यक्ष रूप से प्रशिक्षण का लाभ प्राप्त होगा, जिससे उनकी कार्यकुशलता, नेतृत्व क्षमता एवं तकनीकी दक्षता में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण केंद्र का पूर्ण एवं अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रवर अधीक्षक, रेल डाक सेवा श्री पियूष रजक, सहायक निदेशक श्री वी एम वहोरा, श्री अल्पेश शाह, सहायक डाक अधीक्षक श्री रितुल गाँधी, सुश्री प्रेयल शाह, डाक निरीक्षक सुश्री सोनल देसाई, श्री विजय राठोड, श्री रोनक शाह, डीसीटीसी प्रशिक्षक श्री संजय चौहान सहित तमाम अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।