रायबरेली का गेगासों गंगापुल एक साल बाद सभी वाहनों के लिए खुला, आवागमन हुआ बहाल
रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव
मो - 8052357765
रायबरेली- जिले के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से बंद पड़ा गेगासों गंगापुल मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद देर रात सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया। पुल खुलने से क्षेत्र के हजारों लोगों को अब आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।
करीब एक वर्ष पहले पुल में तकनीकी खामियां सामने आने के बाद इसकी जांच केंद्रीय रोड रिसर्च टीम द्वारा की गई थी। जांच रिपोर्ट में पुल के कुछ हिस्सों को क्षतिग्रस्त और आवागमन के लिए जोखिमपूर्ण बताया गया। इसके बाद 12 जुलाई 2025 को जिलाधिकारी के आदेश पर एहतियातन पुल पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया था।
पुल बंद होने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने लगभग एक किलोमीटर लंबे इस गंगापुल की मरम्मत का कार्य शुरू कराया। विशेषज्ञों की निगरानी में पुल के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत, संरचनात्मक मजबूती और आवश्यक तकनीकी सुधार किए गए। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद अधिकारियों ने पुल का निरीक्षण किया और इसे सुरक्षित पाया।
इसके बाद जिलाधिकारी की अनुमति मिलने पर देर रात पुल को सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया। पुल खुलने से रायबरेली और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के साथ-साथ व्यापारिक एवं दैनिक आवागमन करने वाले यात्रियों को भी बड़ी राहत मिली है। स्थानीय लोगों ने पुल दोबारा शुरू होने पर खुशी जताई और इसे प्रशासन व NHAI की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

rexpress 