रायबरेली: विवाहिता की हत्या का आरोप, पति समेत तीन पर एफआईआर
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली। खीरो थाना क्षेत्र के अजीतपुर गांव में 20 वर्षीय विवाहिता आरती लोधी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। आरती का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच-पड़ताल की।
मृतका के मायके पक्ष ने आरती की हत्या कर शव को फांसी के फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक आरती ने करीब दो वर्ष पहले पड़ोसी गांव के रहने वाले राज गौतम के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से वह अपने पति के ननिहाल में रह रही थी।
मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही आरती को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। इसी बीच आरती का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला।
मामले में मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने पति राज गौतम, सास लक्ष्मी और ससुर राजाराम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
फिलहाल पुलिस आरोपों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

rexpress 