दिल्ली पुलिस की महिला कमांडो की हत्या से सनसनी, पति ने सिर में डंबल से कई वार कर ले ली जान

दिल्ली पुलिस की महिला कमांडो की हत्या से सनसनी, पति ने सिर में डंबल से कई वार कर ले ली जान

-:विज्ञापन:-

दिल्ली पुलिस के ग्रेटर कैलाश-1 थाने की स्पेशल सेल में तैनात महिला कमांडो काजल की पति ने दहेज को लेकर हुए विवाद में सिर में डंबल मारकर हत्या कर दी। महिला पर 22 जनवरी को दिल्ली में ही पति ने हमला किया था।

मंगलवार को महिला की यशोदा अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला का पति रक्षा मंत्रालय में क्लर्क है। दिल्ली के मोहन गार्डन थाने में महिला के पति पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज है। दिल्ली पुलिस ने 22 जनवरी को ही आरोपित पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

हरियाणा के गन्नौर के बड़ी गांव निवासी निखिल नई दिल्ली के संसद मार्ग थाने में सिपाही हैं। निखिल की बहन काजल की शादी गन्नौर के ईदगाह निवासी अंकुर से वर्ष 2023 में हुई थी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। अंकुर और काजल दिल्ली के मोहन गार्डन में रहते थे।

निखिल के मुताबिक उनकी बहन से प्रेम विवाह करने के बाद भी अंकुर और उसके स्वजन दहेज के लिए परेशान करते थे। 22 जनवरी को भी दोनों में विवाद हुआ था। इसी बीच उनकी बहन ने उन्हें फोन कर झगड़े के बारे में बताया था।

निखिल का कहना है कि बहन से बात होने के दौरान ही अंकुर ने उनकी बहन के सिर पर कसरत के लिए प्रयोग होने वाले डंबल से कई वार कर दिए। वह कुछ समझ पाते पांच मिनट बाद ही अंकुर ने उन्हें फोन कर बताया कि काजल को उसने मार दिया है। वह मौके पर पुलिस को सूचित कर पहुंचे।

तब तक अंकुर ने ही अचेत अवस्था में काजल को मोहन गार्डन के तारक अस्पताल में भर्ती करा दिया था। जहां सुधार न होने पर स्वजन ने काजल को 24 जनवरी को नेहरू नगर स्थित यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान मंगलवार को काजल की मृत्यु हो गई। अस्पताल से महिला की मौत की सूचना सिहानी गेट पुलिस को दी गई। इसके बाद दिल्ली पुलिस को सूचित किया गया।

महिला के शव का मंगलवार को ही पोस्टमार्टम कराया गया है। मंगलवार रात दिल्ली पुलिस की एक टीम सिहानी गेट थाने पहुंची और पुलिस से पीएम रिपोर्ट प्राप्त की। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि आरोपित पति के खिलाफ दिल्ली के मोहन गार्डन थाने में भाई निखिल की शिकायत पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर 22 जनवरी को जेल भेज दिया गया था।

महिला की मृत्यु के बाद दिल्ली पुलिस हत्या का धारा मुकदमे में बढ़ाएगी। निखिल का कहना है कि दोनों के डेढ़ साल का बेटा है।

महिला की इलाज के दौरान मौत होने के बाद दिल्ली पुलिस को सूचना दे दी गई थी। कानूनी कार्रवाई दिल्ली पुलिस के स्तर से ही की जानी है। - उपासना पांडेय, एसीपी नंदग्राम