रायबरेली में प्रदेश का पहला पायलट प्रोजेक्ट: गोशाला के गोबर से बने 'गौ-शक्ति ऑर्गेनिक' उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा

रायबरेली में प्रदेश का पहला पायलट प्रोजेक्ट: गोशाला के गोबर से बने 'गौ-शक्ति ऑर्गेनिक' उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824


रायबरेली-उत्तर प्रदेश में पहली बार जनपद रायबरेली में पायलट प्रोजेक्ट के तहत गोशाला के गोबर से निर्मित 'गौ-शक्ति ऑर्गेनिक' उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में सहकारिता विभाग एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के संयुक्त तत्वावधान में विकास खंड राही के बी-पैक्स उत्तरपारा परिसर में आयोजित हुआ।
कार्यशाला की अध्यक्षता जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, रायबरेली के अध्यक्ष विवेक विक्रम सिंह ने की। उन्होंने कहा कि पिछले छह से सात वर्षों में सहकारिता विभाग ने कई नवाचार किए हैं और यह परियोजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने का कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि गोबर आधारित उत्पादों का वितरण सहकारी समितियों, संस्थाओं और गौशालाओं के माध्यम से किया जाएगा, जिससे गौशालाओं की आय बढ़ेगी और स्वयं सहायता समूहों को भी आर्थिक मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि इस पायलट प्रोजेक्ट का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, गोबर आधारित जैविक उत्पादों के निर्माण को बढ़ावा देना, पर्यावरण संरक्षण तथा जैविक खेती को प्रोत्साहित करना है। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ प्राकृतिक खेती को भी नई गति मिलेगी।
कृषि विज्ञान केंद्र दरियापुर के कृषि वैज्ञानिक शैलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि रासायनिक उर्वरकों का केवल लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा ही पौधों को मिलता है, जबकि शेष पर्यावरण में मिलकर नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि मिट्टी में कार्बन का स्तर लगातार घट रहा है और इसे बढ़ाने के लिए गौ आधारित जैविक खेती तथा जीवामृत जैसी पारंपरिक कृषि पद्धतियों को अपनाना आवश्यक है।
कार्यशाला में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, जिला कृषि अधिकारी, डीसी एनआरएलएम, डीडीएम नाबार्ड सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसानों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में बी-पैक्स उत्तरपारा के कैडर सचिव रविकांत शुक्ल एवं समिति के संचालक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।