रायबरेली अनुसूचित जाति उप-योजना के तहत किसानों को उन्नत खेती और स्वरोजगार का दिया गया प्रशिक्षण

रायबरेली अनुसूचित जाति उप-योजना के तहत किसानों को उन्नत खेती और स्वरोजगार का दिया गया प्रशिक्षण

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647

बछरावां, रायबरेली- विकास खंड के ग्राम इचौली में अनुसूचित जाति उप-योजना के तहत अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें किसानों को आधुनिक खेती, उद्यानिकी, पशुपालन, मशरूम उत्पादन और स्वरोजगार के विभिन्न माध्यमों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में महिला किसानों की भागीदारी खास रही और उन्होंने प्रशिक्षण में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि विज्ञान केंद्र, रायबरेली द्वितीय के अध्यक्ष डॉ० संजय सिंह ने किया। उन्होंने किसानों को उद्यानिकी फसलों की उन्नत खेती, फल और सब्जी उत्पादन की आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से खेती करने पर उत्पादन बढ़ता है और किसानों की आय में भी बढ़ोतरी होती है।प्रशिक्षण में कृषि वैज्ञानिक डॉ० दीपाली चौहान ने महिलाओं को पोषण, गृह उद्यान और कृषि में उनकी भूमिका की जानकारी दी। डॉ० देवेश सिंह ने बकरी पालन, मुर्गी पालन और डेयरी व्यवसाय को आय बढ़ाने का बेहतर माध्यम बताते हुए इनके वैज्ञानिक प्रबंधन के बारे में बताया। कृषि वैज्ञानिक डॉ. सुधांशु वर्मा ने उन्नत खेती, फसल प्रबंधन और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी। वहीं डॉ० अभिलाष सिंह मौर्य ने कृषि प्रसार सेवाओं और किसानों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। डॉ० विश्व विजय रघुवंशी ने मशरूम उत्पादन की वैज्ञानिक विधि, कम लागत में अधिक लाभ और स्वरोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मशरूम उत्पादन छोटे स्तर पर भी शुरू किया जा सकता है और यह किसानों व ग्रामीण युवाओं के लिए अतिरिक्त आय का अच्छा साधन बन सकता है। प्रशिक्षण के दौरान किसानों, खासकर महिला किसानों ने विशेषज्ञों से खेती और पशुपालन से जुड़े सवाल पूछे, जिनके व्यावहारिक और वैज्ञानिक समाधान बताए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अनुसूचित जाति वर्ग के किसान और महिला किसानों ने हिस्सा लिया। अंत में किसानों से प्रशिक्षण में मिली तकनीकों को अपनाकर कृषि और उससे जुड़े व्यवसायों के जरिए अपनी आय बढ़ाने की अपील की गई।