रायबरेली: मामूली विवाद में पति ने पत्नी पर किया जानलेवा हमला, ईंट-पत्थर से पीटकर किया लहूलुहान

रायबरेली: मामूली विवाद में पति ने पत्नी पर किया जानलेवा हमला, ईंट-पत्थर से पीटकर किया लहूलुहान

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824


रायबरेली। गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र के किलौली गांव में मामूली घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी पर ईंट-पत्थरों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी पत्नी को मरणासन्न हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना में घायल महिला की पहचान मनोरमा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पति रामशंकर से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उसने आपा खो दिया और पत्नी के सिर पर ईंट से कई वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गई।
परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर गुरबख्शगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी पति की तलाश में दबिश दे रही है। मामले में तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।