रायबरेली-गंभीर ARDS से जूझ रहे तीन युवा मरीजों को एम्स रायबरेली में प्रोन वेंटिलेशन से मिला नया जीवन
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, रायबरेली के सेंट्रल ICU में गंभीर एक्यूट रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस सिंड्रोम (ARDS) से पीड़ित तीन युवा मरीजों का सफल इलाज किया गया। इन मरीजों की जान बचाने में आधुनिक क्रिटिकल केयर तकनीकों और विशेष रूप से प्रोन वेंटिलेशन (पेट के बल लिटाकर वेंटिलेशन) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पहले मामले में, 23 वर्षीय युवती इन्फ्लुएंजा B संक्रमण के कारण गंभीर ARDS से पीड़ित थी। मरीज को 16-16 घंटे के दो प्रोन वेंटिलेशन सेशन दिए गए, जिसके बाद उसकी स्थिति में तेजी से सुधार हुआ और मात्र छह दिनों में उसे ICU से बाहर शिफ्ट कर दिया गया।
दूसरे मामले में, 21 वर्षीय युवती को जहरीले सांप के काटने के बाद अत्यंत गंभीर स्थिति में भर्ती किया गया था। मरीज गहरे कोमा (GCS 3/15) में थी और बाद में उसे गंभीर ARDS हो गया। प्रोन वेंटिलेशन और उचित आईसीयू उपचार से उसकी स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ तथा चार दिनों के भीतर ARDS ठीक हो गया।
तीसरे मामले में, 23 वर्षीय युवक को एक दिन से बुखार और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत थी। जांच में इन्फ्लूएंजा B संक्रमण की पुष्टि हुई। गंभीर ARDS के कारण उसे 23 सितंबर 2026 को ICU में भर्ती किया गया। मरीज को 16-16 घंटे के दो प्रोन वेंटिलेशन सेशन दिए गए। उपचार के बाद उसे सफलतापूर्वक वेंटिलेटर से हटाया गया और वर्तमान में वह स्वस्थ है।
प्रोन वेंटिलेशन क्या है और यह क्यों महत्वपूर्ण है?
प्रोन वेंटिलेशन एक वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित तकनीक है, जिसमें वेंटिलेटर पर भर्ती मरीज को पेट के बल लिटाया जाता है। इससे फेफड़ों में ऑक्सीजन का स्तर बेहतर होता है, बंद पड़े फेफड़ों के हिस्से दोबारा खुलने में मदद मिलती है और वेंटिलेटर से फेफड़ों को होने वाले नुकसान का खतरा कम होता है। मेडिकल रिसर्च के अनुसार, गंभीर ARDS में समय पर और लंबे समय तक प्रोन वेंटिलेशन देने से मृत्यु का खतरा काफी कम किया जा सकता है।
डॉ. काली चरण दास, एसोसिएट प्रोफेसर एवं सेंट्रल ICU इंचार्ज, ने बताया:
“गंभीर ARDS के मरीजों में Prone Ventilation एक जीवनरक्षक और वैज्ञानिक प्रमाणों पर आधारित तकनीक है। सही समय पर इसका इस्तेमाल, लगातार मॉनिटरिंग और पूरी ICU टीम के आपसी तालमेल से गंभीर मरीजों की जान बचाई जा सकती है। इन तीनों मरीजों की सफल रिकवरी हमारी पूरी क्रिटिकल केयर टीम की मेहनत और समर्पण का परिणाम है।”
डॉ. दास ने इस सफलता के लिए एम्स रायबरेली की कार्यकारी निदेशक प्रो. अमिता जैन, चिकित्सा अधीक्षक (AMS) डॉ. नीरज श्रीवास्तव तथा एनेस्थीसिया एवं क्रिटिकल केयर विभागाध्यक्ष डॉ. जमील अब्दुल अलीम का उनके मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने विशेष रूप से एनेस्थीसिया एवं क्रिटिकल केयर विभाग के फैकल्टी सदस्यों डॉ. अभय राज यादव, डॉ. विजय अडाबाला, डॉ. विनय पाठक, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. अंकित व्यास और डॉ. गिरीश के साथ-साथ सभी रेजिडेंट डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की कड़ी मेहनत, चौबीसों घंटे मरीजों की देखभाल और बेहतरीन टीमवर्क की सराहना की। साथ ही, मेडिसिन एवं इमरजेंसी मेडिसिन विभाग का भी उनके सहयोग और संयुक्त प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया।
इन तीनों मरीजों की सफल रिकवरी यह दर्शाती है कि एम्स रायबरेली में आधुनिक तकनीकों, अनुभवी डॉक्टरों और बेहतर टीमवर्क के माध्यम से गंभीर मरीजों को उच्चस्तरीय एवं जीवनरक्षक ICU उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

rexpress 