रायबरेली-डलमऊ रेंजर की कार्रवाई पर उठे सवाल,भट्ठी संचालकों ने खोली पोल

रायबरेली-डलमऊ रेंजर की कार्रवाई पर उठे सवाल,भट्ठी संचालकों ने खोली पोल

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

अवैध भट्ठियों पर कार्रवाई के बाद उठे सवाल, संचालकों ने वन विभाग पर लगाए गंभीर आरोप

रायबरेली के डलमऊ वन रेंज क्षेत्र के मतीनगंज में वन विभाग द्वारा अवैध कोयला भट्ठियों के खिलाफ की गई कार्रवाई अब सवालों के घेरे में आ गई है। जिन भट्ठियों को वन विभाग ने ध्वस्त किया था, उनके संचालकों ने विभागीय अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
भट्ठी संचालकों का आरोप है कि क्षेत्र में संचालित कई अन्य भट्ठियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, जबकि केवल दो भट्ठियों को निशाना बनाकर गिराया गया। उनका कहना है कि यदि कार्रवाई की गई है तो सभी अवैध भट्ठियों के खिलाफ समान रूप से होनी चाहिए थी।
संचालकों ने यह भी आरोप लगाया कि वन विभाग ने सीमित कार्रवाई कर अपनी पीठ थपथपाने का काम किया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में अभी भी कई भट्ठियां संचालित हो रही हैं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसको लेकर वन विभाग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
मामला सामने आने के बाद अब चर्चा इस बात की है कि वन विभाग के अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों की जांच होगी या नहीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोपों में सच्चाई है तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले डलमऊ वन रेंज के अंतर्गत मतीनगंज क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो अवैध भट्ठियों को ध्वस्त किया था। अब उसी कार्रवाई को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।