रायबरेली निर्माण कार्य में गड़बड़ी देख रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी का चढ़ गया पारा
रिपोर्ट:- ऋषि मिश्रा
मो०न०:-9935593647
बछरावां रायबरेली-कस्बे के रेलवे स्टेशन पर किए गए नव निर्माण को देखने पहुंचे मुख्य प्रशासनिक अधिकारी का पारा उस समय चढ़ गया, जब उन्हें निर्माण कार्यों में खामियां देखने को मिली। उन्होंने साथ चल रहे अधिकारियों कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्यों को बेहतर ढंग से पूरा किया जाए। खामियां मिलने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।रेलवे विभाग के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण एस के श्रीवास्तव ने शुक्रवार को बछरावां रेलवे स्टेशन पहुंचकर जमीनी हकीकत को परखा। अभी 2 महीने पहले ही रेलवे स्टेशन पर लगाए गए अधिकांश पेड़ उन्हें काफी दयनीय स्थिति में मिले, कई पेड़ तो सूखे हुए थे, इस पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। रेलवे स्टेशन परिसर में टिकट काउंटर की ऊंचाई को मुख्य महाप्रबंधक के निर्देश के बावजूद दुरुस्त नहीं किया गया, इसकी शिकायत मिलने पर उन्होंने संबंधित ठेकेदार को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसी के बगल में बने पैनल रूम की खिड़की खुली थी और उसमें लगी रबर बाहर लटक रही थी, इस पर उन्होंने कहा कि ठेकेदार कहां है, ठेकेदार के सामने आने पर उन्होंने कहा कि यह सब कुछ नहीं चलेगा, जो भी कार्य है उसको अच्छे ढंग से करिए इसे तुरंत सही कराइये। उन्होंने पूरे स्टेशन पर पैदल चलकर कराए गए निर्माण कार्यों को देखा। उन्होंने कहा कि जो भी अधूरे कार्य पड़े हैं, उन्हें शीघ्र पूरा किया जाए। किसी भी सूरत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोकार्पण के बारे में उन्होंने कहा कि शीघ्र ही विभाग द्वारा इसकी तिथि निर्धारित की जाएगी।

rexpress 