रायबरेली-केंद्रीय विद्यालय में गुरु-शिष्य के रिश्ते पर सवाल! नाबालिग छात्र को वॉशरूम में बंद कर पीटने का आरोप, शिक्षक पर थर्ड डिग्री देने का दावा
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली में शिक्षा के मंदिर से सामने आया चौंकाने वाला मामला, कक्षा 10 के 16 वर्षीय छात्र ने शिक्षक पर लगाए गंभीर आरोप, पिता को भी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप
रायबरेली-शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले विद्यालय में यदि किसी नाबालिग छात्र के साथ मारपीट के आरोप लगें तो सवाल उठना लाजिमी है। रायबरेली के शिवगढ़ थाना क्षेत्र स्थित केंद्रीय विद्यालय से ऐसा ही एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां कक्षा 10 में पढ़ने वाले 16 वर्षीय छात्र हर्ष अग्निहोत्री ने विद्यालय के शिक्षक पर उसे वॉशरूम में बंद करके बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया है। छात्र के इन आरोपों ने विद्यालय की कार्यप्रणाली और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम जगदीशपुर निवासी हर्ष अग्निहोत्री केंद्रीय विद्यालय में कक्षा 10 का छात्र है। छात्र का आरोप है कि विद्यालय में शिक्षक आलोक सचान ने उसे वॉशरूम में बंद कर दिया और उसके साथ मारपीट की। परिजनों ने इस घटना को गंभीर बताते हुए शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।
मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया, जब छात्र के पिता हरिशंकर अग्निहोत्री ने भी शिक्षक पर उन्हें मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि एक नाबालिग छात्र के साथ कथित मारपीट के मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर विद्यालय परिसर में एक नाबालिग छात्र के साथ ऐसी कथित घटना कैसे हुई? क्या विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी केवल कागजों तक सीमित है? क्या शिक्षक को छात्र के साथ इस तरह का व्यवहार करने का अधिकार है?
फिलहाल शिक्षक पर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच और संबंधित पक्षों का आधिकारिक बयान सामने आना जरूरी है। अब निगाहें पुलिस प्रशासन और शिक्षा विभाग पर टिकी हैं कि इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई होती है और छात्र व उसके परिवार को न्याय मिल पाता है या नहीं।

rexpress 