रायबरेली-डलमऊ गंगा घाटों पर पसरा सन्नाटा, श्रद्धालुओं को घाट तक जाने से रोकने पर उठे सवाल

रायबरेली-डलमऊ गंगा घाटों पर पसरा सन्नाटा, श्रद्धालुओं को घाट तक जाने से रोकने पर उठे सवाल

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

तस्वीरें बयां कर रही हैं मेले की हकीकत, पुलिस प्रशासन से श्रद्धालुओं को गंगा किनारे तक जाने देने की अपील

रायबरेली। छोटी काशी के नाम से विख्यात डलमऊ में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले ऐतिहासिक गंगा मेले में दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान और मां गंगा के दर्शन की आस्था लेकर पहुंचते हैं। लेकिन मेले के दौरान गंगा घाटों तक श्रद्धालुओं की आवाजाही पर पुलिस की सख्ती के चलते घाटों पर सन्नाटा दिखाई दे रहा है।
एक ओर श्रद्धालु गंगा स्नान की अभिलाषा लेकर डलमऊ पहुंच रहे हैं, तो दूसरी ओर घाटों तक पहुंचने में उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घाटों की मौजूदा तस्वीरें खुद इस स्थिति को बयां कर रही हैं। जिन गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिखाई देनी चाहिए, वहां सन्नाटा नजर आ रहा है।
इस संबंध में पुलिस प्रशासन से विनम्र अपील है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मेले में तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से गंगा घाटों तक जाने दिया जा सके। अनावश्यक रूप से रास्तों पर रोकने के बजाय ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन और स्नान कर सकें।
हमारा उद्देश्य पुलिस प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल खड़ा करना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा की ओर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करना है। सुरक्षा व्यवस्था भी बनी रहे और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का भी सम्मान हो।

आखिरकार डलमऊ का कार्तिक पूर्णिमा मेला श्रद्धा, आस्था और परंपरा का प्रतीक है। ऐसे में प्रशासन से अपेक्षा है कि वह इस तस्वीर का संज्ञान लेकर उचित कदम उठाए, ताकि दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को निराश होकर वापस न लौटना पड़े।
तस्वीरें बहुत कुछ कह रही हैं, अब जिम्मेदार अधिकारियों के संज्ञान लेने की जरूरत है।