रायबरेली-कार्तिक पूर्णिमा मेला एवं मुख्य स्नान पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को दी गई ब्रीफिंग
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुचारु व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी से ड्यूटी करने के निर्देश
रायबरेली-कार्तिक पूर्णिमा मेला/ महोत्सव डलमऊ एवं 23, 24 व 25 नवम्बर 2026 को आयोजित होने वाले मुख्य स्नान पर्व को भव्य, सुव्यवस्थित एवं सकुशल सम्पन्न कराने के दृष्टिगत आज थाना परिसर डलमऊ मेला में प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों तथा कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को मेला क्षेत्र में शांति, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि सभी अपने-अपने निर्धारित ड्यूटी स्थलों पर समय से उपस्थित रहकर पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। मेला क्षेत्र एवं स्नान घाटों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा मेले के अवसर पर 23 नवम्बर को काशी की तर्ज पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि मेले में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों तथा स्थापित किए गए न्याय कीर्तिमानों पर आधारित आकर्षक विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके माध्यम से आमजन को सरकार की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी प्रयासों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉल तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी मेले के प्रमुख आकर्षण होंगे।
प्रशासन द्वारा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सभी आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) सहदेव मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, उप जिलाधिकारी डलमऊ श्याममणि त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी डलमऊ गिरिजा शंकर त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

rexpress 