रायबरेली-जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने किया शुभारंभ, बिरला कॉरपोरेशन ने 101 टीबी मरीजों के पोषण का उठाया दायित्व
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ड्रीम प्रोजेक्ट राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) को जनसहभागिता के माध्यम से नई गति देने की दिशा में आज जिलाधिकारी कार्यालय, रायबरेली में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। महामहिम राज्यपाल के निर्देशानुसार संचालित निक्षय मित्र अभियान के अंतर्गत बिरला कॉरपोरेशन लिमिटेड ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत अमावा ब्लॉक के 101 टीबी मरीजों को अंगीकृत कर उनके लिए पोषण पोटली वितरण अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में बिरला कॉरपोरेशन के यूनिट हेड सुनील कुमार कोठारी ने जिलाधिकारी सरनजीत ब्रोका का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। इसके उपरांत बिरला कॉरपोरेशन की ओर से पोषण पोटली सांकेतिक रूप से जिलाधिकारी को भेंट की गई। तत्पश्चात जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं यूनिट हेड सुनील कुमार कोठारी ने संयुक्त रूप से एक छोटे बच्चे को पोषण पोटली प्रदान कर अभियान का शुभारंभ किया। इसके साथ ही अमावा ब्लॉक के 101 टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित किए जाने की औपचारिक घोषणा की गई।
बिरला कॉरपोरेशन द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रत्येक पोषण पोटली में चना, सत्तू, गुड़, दाल, प्रोटीन पाउडर तथा अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री शामिल है। इन पोषण पोटलियों का वितरण अमावा ब्लॉक के 101 उपचाराधीन टीबी मरीजों को किया जाएगा, जिससे उपचार के दौरान उन्हें आवश्यक पौष्टिक आहार उपलब्ध हो सके और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहायता मिले।
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कहा, "टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग का दायित्व नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। जब प्रशासन, उद्योग जगत और समाज मिलकर कार्य करते हैं तो बड़े लक्ष्य भी सरल हो जाते हैं। टीबी मरीजों को दवा के साथ पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना आवश्यक है। जनसहभागिता ही टीबी मुक्त रायबरेली एवं टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की सबसे बड़ी शक्ति है।"
बिरला कॉरपोरेशन के यूनिट हेड सुनील कुमार कोठारी ने कहा, "बिरला कॉरपोरेशन सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों को सदैव प्राथमिकता देता है। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम से जुड़कर टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराना हमारे लिए गर्व की बात है। भविष्य में भी कंपनी ऐसे जनहितकारी कार्यों में निरंतर सहयोग करती रहेगी।"
मुख्य चिकित्सा अधिकारी रायबरेली डॉ. नवीन चंद्रा ने कहा, "टीबी मरीजों के उपचार में दवा के साथ संतुलित पोषण भी अत्यंत आवश्यक है। जनसहयोग से राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम को और अधिक मजबूती मिल रही है।"
जिला क्षय रोग अधिकारी रायबरेली डॉ. अनुपम सिंह ने कहा, "निक्षय मित्र अभियान समाज की सहभागिता का सशक्त उदाहरण है। ऐसे प्रयास मरीजों का मनोबल बढ़ाने के साथ टीबी मुक्त भारत अभियान को नई गति प्रदान करते हैं।"
उत्तर प्रदेश टीबी कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष करुणा शंकर मिश्र ने कहा, "बिरला कॉरपोरेशन कई वर्षों से लगातार इस पुनीत कार्य में सहयोग कर रही है। टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराकर कंपनी न केवल अपने सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन कर रही है, बल्कि राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम को भी मजबूत आधार प्रदान कर रही है। यदि अधिक से अधिक संस्थान निक्षय मित्र बनकर आगे आएं तो प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को और तेजी से साकार किया जा सकता है।"
इस अवसर पर सीएसआर प्रतिनिधि शिव गोविंद सिंह, विकास बाजपेई, अमय सिंह, प्रशांत शुक्ला सहित स्वास्थ्य विभाग एवं बिरला कॉरपोरेशन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

rexpress 