विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027: विशेष अभियान दिवस पर सभी मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहे बीएलओ

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027: विशेष अभियान दिवस पर सभी मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहे बीएलओ

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए किया गया कार्य

जनपद स्तरीय अधिकारियों ने भ्रमणशील रहकर बूथों पर चल रहे पुनरीक्षण कार्यों का किया सत्यापन

रायबरेली-भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशन में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 कार्यक्रम के अंतर्गत आज जनपद की सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान सभी बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहकर निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित, शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से पुनरीक्षण संबंधी कार्यों का निष्पादन किया।
           विशेष अभियान दिवस के दौरान बीएलओ द्वारा मतदाता सूची में नामों की जांच, पात्र नागरिकों के नाम सम्मिलित कराने, अपात्र एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों के संबंध में आवश्यक कार्यवाही तथा मतदाता सूची में संशोधन से संबंधित कार्य किए गए। साथ ही, 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं एवं अन्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया गया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।
       अभियान के प्रभावी एवं सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा विभिन्न मतदेय स्थलों का भ्रमण कर बूथों पर संचालित कार्यों का स्थलीय सत्यापन किया गया। अधिकारियों ने बीएलओ की उपस्थिति, उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा अभियान की प्रगति का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
         जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का कार्य निरंतर गतिमान है। इसका मुख्य उद्देश्य निर्वाचक नामावली को शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना तथा सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराना है। इसी क्रम में विशेष अभियान दिवस आयोजित कर सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है।
         जिलाधिकारी ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं से अपील की कि वे अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें तथा यदि उनका नाम सूची में सम्मिलित नहीं है अथवा किसी प्रकार का संशोधन अपेक्षित है, तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें।
         उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत सभी कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित किए जाएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रह जाए।