जनगणना-2027: रायबरेली में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी, अब तक 1,680 स्व-गणनाएं पूरी
रिपोर्ट - अमन श्रीवास्तव
मो - 8052996633
980 ग्राम पंचायतों में अभियान को गति देने में जुटे जनप्रतिनिधि, आमजन को भी कर रहे जागरूक
रायबरेली: जनगणना-2027 के स्व-गणना अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर जिला पंचायतराज अधिकारी/अपर अपर जनगणना अधिकारी विनय कुमार सिंह ने रायबरेली में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी शुरू कर दी है। जनपद की 980 ग्राम पंचायतों में पूर्व ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत प्रशासकों और ब्लॉक प्रमुखों / प्रशासकों द्वारा स्वयं स्व-गणना कर आमजन को भी इसके लिए प्रेरित किया जा रहा है।
पंचायती राज विभाग की ओर से जारी प्रगति विवरण के अनुसार, जनपद में अब तक ग्राम पंचायत प्रशासकों एवं ब्लॉक प्रमुखों/ प्रशासकों द्वारा कुल 1,680 स्व-गणनाएं पूरी की जा चुकी हैं। जनप्रतिनिधियों की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में जनगणना अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
अभियान के तहत ब्लॉक प्रमुख/ प्रशासक और ग्राम पंचायत प्रशासक अपने-अपने क्षेत्रों में नेतृत्व करते हुए स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। साथ ही अन्य जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को भी इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।
ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत सहायकों द्वारा लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ ही तकनीकी सहयोग और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं ग्राम पंचायत प्रशासकों एवं अन्य संबंधित कार्मिकों के सहयोग से अभियान को गति देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जनपद में विकासखंड से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर जनगणना-2027 की प्रक्रिया में सक्रिय योगदान दें।
जनप्रतिनिधियों की पहल और पंचायत स्तर पर किए जा रहे जागरूकता प्रयासों से रायबरेली में जनगणना-2027 के स्व-गणना अभियान को लगातार गति मिल रही है। जिसका नतीजा यह रहा कि प्रदेश में जिले की रैंकिंग बेहतर बनी हुई है।।

rexpress 